12वें दिन आंदोलन के बीच विधायक ने सेल अधिकारियों से की चर्चा
पश्चिमी सिंहभूम
जिले के मनोहरपुर प्रखंड स्थित सेल की चिरिया दुबिल माइंस में चल रहा ग्रामीणों का आंदोलन मंगलवार को 12 वें दिन भी जारी रहा।
इस दौरान जगन्नाथपुर विधायक सोनाराम सिंकु आंदोलन स्थल पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों से उनकी समस्याएं सुनीं और उनकी मांगों को उचित बताते हुए मौके से ही सेल के वरिष्ठ अधिकारियों से फोन पर बातचीत कर जल्द समाधान की मांग की।
ग्रामीणों ने विधायक से कहा कि माइंस से निकलने वाले लाल पानी के कारण उनकी कृषि भूमि बंजर हो गई है, जिससे आजीविका का संकट गहरा गया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा और किसी भी दबाव में इसे समाप्त नहीं किया जाएगा। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि आंदोलन खत्म कराने का प्रयास हुआ तो वे सेंदरा अभियान चलाने और आवश्यकता पड़ने पर सेल कार्यालय का घेराव करने से भी पीछे नहीं हटेंगे।
उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी प्रकार की वार्ता आंदोलन स्थल या गुवा स्थित सीजीएम कार्यालय में ही होगी।
विधायक सोनाराम सिंकु से बातचीत के दौरान सेल अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि ग्रामीणों की मांगों पर गंभीरता से विचार किया जा रहा है। इधर, लगातार 12 दिनों से उत्पादन और परिवहन ठप रहने से सेल और ठेकेदारों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
मौके पर कांग्रेस मनोहरपुर प्रखंड अध्यक्ष सीताराम गोप, नोवामुंडी प्रखंड अध्यक्ष मंजीत प्रधान, जिला परिषद सदस्य जय प्रकाश महतो, मुखिया अजीत तिर्की, धनेश्वर महतो, कुलदीप काडुलना, सूरज चंपिया, मामूर अंसारी, दानिश हुसैन सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।





