आईआरईडीए में 32 पदों पर भर्ती, 55 साल तक आवेदन का मौका
नई दिल्ली। भारत सरकार की कंपनी में नौकरी करने की इच्छा रखने वालों के लिए एक बेहतरीन मौका सामने आया है। भारतीय नवीकरणीय ऊर्जा विकास एजेंसी लिमिटेड (आईआरईडीए) ने जनरल मैनेजर समेत विभिन्न 32 पदों पर भर्ती के लिए ऑफिशियल नोटिफिकेशन जारी किया है।
आईआरईडीए की ओर से जारी पदों के लिए ऑनलाइन मोड में आवेदन प्रक्रिया शनिवार से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 3 अप्रैल निर्धारित की गई है। ऐसे में जो योग्य और इच्छुक उम्मीदवार एप्लीकेशन फॉर्म भरने की सोच रहे हैं, वे आधिकारिक वेबसाइट पर जाने के बाद तय समय सीमा के भीतर अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा कर सकते हैं।
आईआरईडीए ने जिन 32 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन मांगे हैं, उनमें जनरल मैनेजर (फाइनेंस एंड अकाउंट्स), चीफ मैनेजर (फाइनेंस एंड अकाउंट्स) और मैनेजर (लॉ) के 3-3 पद, जनरल मैनेजर (फाइनेंस एंड अकाउंट्स - इन्वेस्टर रिलेशन्स), डिप्टी जनरल मैनेजर (प्रोजेक्ट्स), चीफ मैनेजर (प्रोजेक्ट्स) और असिस्टेंट मैनेजर (बिजनेस डेवलपमेंट) के 2-2 पद, एडिशनल जनरल मैनेजर (प्रोजेक्ट्स) और एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर (कंपनी सेक्रेटरी) के 1-1 पद, जरनल मैनेजर (प्रोजेक्ट) के 5 और ऑफिसर-जनरल के 8 पद शामिल हैं।
आवेदन करने वाले उम्मीदवारों के पास मान्यता प्राप्त संस्थान या यूनिवर्सिटी से संबंधित पद अनुसार ग्रेजुएशन, इंजीनियरिंग (बीई/बीटेक/बीएससी), फाइनेंस में सीए/सीएमए/एमबीए या पीजीडीएम, मार्केटिंग में एमबीए/पीजीडीएम, इंस्टीट्यूट ऑफ कंपनी सेक्रेटरीज ऑफ इंडिया (आईसीएसआई) के एसोसिएट सदस्य या एलएलबी की डिग्री होनी चाहिए। इसी के साथ कैंडिडेट्स के पास अन्य निर्धारित पात्रता का होना भी अनिवार्य है।
एप्लीकेशन फॉर्म भरने वाले अभ्यर्थियों की अधिकतम आयु पद अनुसार 33 साल से 55 साल के बीच निर्धारित की गई है।
वहीं, आरक्षित वर्ग से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
आवेदन फॉर्म भरते समय कैंडिडेट्स को अपने वर्ग अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन मोड में करना होगा, जो जनरल/ओबीसी/ईडब्ल्यूएस वर्ग के उम्मीदवारों के लिए 1,000 रुपए है। वहीं, एससी/एसटी/पीडब्ल्यूबीडी/एक्स-सर्विसमैन और आंतरिक उम्मीदवारों को एप्लीकेशन फीस में छूट दी गई है।
योग्य उम्मीदवारों का चयन पद अनुसार लिखित परीक्षा/स्क्रीनिंग परीक्षा, पर्सनल इंटरव्यू और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी पोस्ट वाइज 30,000 से 3,00,000 के बीच प्रति महीने होगी।
ऑनलाइन आवेदन करने के लिए, उम्मीदवार सबसे पहले आईआरईडीए की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। होमपेज पर जाने के बाद पद से संबंधित एक्टिव आवेदन लिंक पर क्लिक करें।
इसके बाद एक नया पेज खुलेगा, वहां रजिस्ट्रेशन कर लॉगिन करें। फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें। मांगे गए सभी डॉक्यूमेंट्स, फोटो और सिग्नेचर को सही साइज और फॉन्ट में अपलोड करें। आवेदन शुल्क का भुगतान करें। इसके बाद फॉर्म चेक कर सबमिट कर दें। लास्ट में एप्लीकेशन फॉर्म का प्रिंट आउट भविष्य के लिए निकाल लें।












