फूलबाड़ी में फैक्ट्री से तांबे के तार की चोरी, दो गिरफ्तार
सिलीगुड़ी। फूलबाड़ी इलाके में एक फैक्ट्री से तांबे के तार चोरी होने के मामले में एनजेपी थाने की पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों के नाम अविनाश उरांव और विक्की उरांव है। इस कार्रवाई में पुलिस ने करीब 3.7 किलो तांबे का तार भी बरामद किया है।
जानकारी के अनुसार, दो दिन पहले फैक्ट्री में चोरी की घटना सामने आई थी, जिसके बाद फैक्ट्री प्रबंधन ने न्यू एनजेपी थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू किया। जांच के दौरान पुलिस ने फूलबाड़ी के चेंगराबांधा इलाके से बीती रात दो आरोपितों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, पूछताछ के दौरान दोनों आरोपितों ने चोरी की बात कबूल कर ली। इसके बाद उनके घरों में तलाशी ली गई, जहां से करीब तीन किलो 700 ग्राम तांबे का तार बरामद हुआ। जिसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। एनजेपी थाने की पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है।





