BREAKING NEWS

धन उगाही के आरोप में घिरे तृणूमल नेता, ग्रामीणों के गुस्से से बचने के लिए बिस्तर के नीचे छिपे

धन उगाही के आरोप में घिरे तृणूमल नेता, ग्रामीणों के गुस्से से बचने के लिए बिस्तर के नीचे छिपे
कूचबिहार : माथाभांगा इलाके में आवास योजना के नाम पर कथित धन उगाही का मामला गुरुवार को सामने आया है, जिससे नाराज ग्रामीणों के विरोध का सामना एक तृणमूल नेता तथा सिविक वालंटियर को करना पड़ा। हालात ऐसे बन गए कि खुद को बचाने के लिए आरोपित नेता को बिस्तर के नीचे छिपना पड़ा। घटना माथाभांगा के जोरपाटकी ग्राम पंचायत क्षेत्र की है।

आरोप है कि तृणमूल नेता शाहिदुल मियां ने आवास योजना में घर दिलाने के नाम पर स्थानीय लोगों से पांच हजार से लेकर 20 हजार रुपये तक वसूले और कुल मिलाकर करीब आठ लाख रुपये इकट्ठा किए।

इस मामले को लेकर 25 मई को भी स्थानीय महिलाओं ने उनके घर के सामने विरोध प्रदर्शन किया था और पैसे वापस करने की मांग की थी। एक बार फिर बड़ी संख्या में महिलाएं उसी मांग को लेकर उनके घर पहुंची। ग्रामीणों के बढ़ते गुस्से को देख शाहिदुल मियां ने खुद को बचाने के लिए घर के अंदर खाट के नीचे छिप गए। सूचना पाकर माथाभांगा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें वहां से निकालकर थाने ले गई।

Subscribe Now