मुश्किल हालात में बेटे ने मारी बाजी, NEET में 22,662वीं रैंक हासिल की

मुश्किल हालात में बेटे ने मारी बाजी, NEET में 22,662वीं रैंक हासिल की


झाड़ग्राम। पारिवारिक आर्थिक संकट और पिता के लंबे समय से चल रहे ब्लड कैंसर के इलाज के बीच बिनपुर के सागर गोस्वामी ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट-यूजी) में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। सागर ने 571 अंक प्राप्त कर अखिल भारतीय स्तर पर 22,662वीं रैंक हासिल की है। उनकी सफलता को लेकर परिवार और झाड़ग्राम जिला पुलिस में खुशी का माहौल है।

बिनपुर प्रखंड निवासी सागर के पिता अजीत गोस्वामी पिछले आठ वर्षों से ब्लड कैंसर से पीड़ित हैं। लंबे समय से चल रहे इलाज के कारण परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर हो गई। घर का खर्च चलाना भी मुश्किल था। ऐसे में सागर की पढ़ाई और नीट की तैयारी का खर्च उठाना परिवार के लिए बड़ी चुनौती थी। इसके बावजूद सागर ने चिकित्सक बनने का अपना सपना नहीं छोड़ा।

सागर पढ़ाई में शुरू से ही मेधावी रहे हैं। वर्ष 2023 में माध्यमिक परीक्षा में उन्होंने 674 अंक यानी 96 प्रतिशत अंक हासिल कर बिनपुर हाईस्कूल में प्रथम स्थान प्राप्त किया था। उनकी प्रतिभा और परिवार की आर्थिक स्थिति की जानकारी मिलने के बाद बिनपुर थाना और झाड़ग्राम जिला पुलिस उनके सहयोग के लिए आगे आई।

पुलिस प्रशासन की ओर से सागर को पढ़ाई जारी रखने के लिए नियमित आर्थिक सहायता दी गई। पुलिसकर्मियों ने आर्थिक सहयोग के साथ उनका मनोबल भी बढ़ाया। इसी सहयोग से सागर ने अपनी पढ़ाई जारी रखी और वर्ष 2025 की उच्च माध्यमिक परीक्षा में 467 अंक यानी 93.4 प्रतिशत अंक प्राप्त कर एक बार फिर विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया।

इसके बाद सागर को दुर्गापुर में नीट की तैयारी के लिए प्रशिक्षण लेने का अवसर मिला। कठिन परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने लगातार मेहनत जारी रखी। आखिरकार वर्ष 2026 की नीट-यूजी परीक्षा में 571 अंक हासिल कर उन्होंने अखिल भारतीय स्तर पर 22,662वीं रैंक प्राप्त की।

सागर ने कहा कि कठिन समय में पुलिस प्रशासन का सहयोग नहीं मिलता तो चिकित्सक बनने का सपना पूरा करना कठिन था। उन्होंने भविष्य में चिकित्सक बनकर ग्रामीण और सामान्य लोगों की सेवा करने की इच्छा जताई।

झाड़ग्राम के जिला पुलिस अधीक्षक मानव सिंगला ने सागर की सफलता को गर्व का विषय बताया। उन्होंने कहा कि विपरीत परिस्थितियों में भी सागर ने जिस तरह मेहनत की, वह प्रेरणादायक है।

Subscribe Now