हाबरा दुष्कर्म मामला: महिला सिविक वॉलंटियर से कथित दुष्कर्म, सहकर्मी गिरफ्तार
उत्तर 24 परगना। जिले के हाबरा थाना क्षेत्र में एक महिला सिविक वॉलंटियर से कथित तौर पर कई बार दुष्कर्म और ब्लैकमेल करने के आरोप में पुलिस ने उसके पुरुष सहकर्मी को गिरफ्तार किया है। दोनों हाबरा थाने में सिविक वॉलंटियर के रूप में कार्यरत थे।
पुलिस के अनुसार, महिला ने शिकायत में आरोप लगाया है कि उसके सहकर्मी ने यूनिफॉर्म पहनने के लिए कपड़े बदलते समय उसकी तस्वीरें चोरी-छिपे खींच ली थीं। बाद में उन्हीं तस्वीरों को सार्वजनिक करने की धमकी देकर वह उसे ब्लैकमेल करने लगा और कथित तौर पर कई बार शारीरिक संबंध बनाने के लिए मजबूर किया।
पीड़िता का आरोप है कि आरोपित ने उसे धमकी दी थी कि यदि उसने किसी को घटना के बारे में बताया तो उसके गंभीर परिणाम होंगे। इसके बाद महिला ने हाबरा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने प्रारंभिक जांच की और आरोपित सिविक वॉलंटियर को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ दुष्कर्म, धमकी और ब्लैकमेलिंग समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। शिकायत के बाद उसे ड्यूटी से भी हटा दिया गया।
आरोपित को बुधवार को बारासात अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे पांच दिनों की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।
बारासात पुलिस जिला की पुलिस अधीक्षक जे. मर्सी ने गुरुवार को कहा कि शिकायत मिलने के बाद उसे ड्यूटी से हटा दिया गया है। मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, मामले की जांच जारी है और आरोपों से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।





