नाले में डूबकर चार साल की बच्ची की मौत, गुस्साये लोगों का उग्र प्रदर्शन

नाले में डूबकर चार साल की बच्ची की मौत, गुस्साये लोगों का उग्र प्रदर्शन
अलीपुरद्वार। हासीमारा के पुराना हासीमारा चौपथी इलाके में एक चार साल की मासूम बच्ची रिमा उरांव की नाले में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। बताया जा रहा है कि बच्ची पास के चाय बागान इलाके की रहने वाली थी। शुक्रवार सुबह लगातार बारिश के कारण इलाके के भोलानाला में जलस्तर काफी बढ़ गया था। इसी दौरान बच्ची की मां उसे सड़क किनारे बैठाकर अपनी मां को नाला पार कराने गई थी। उसी बीच बच्ची फिसलकर नाले के तेज बहाव में गिर गई और डूब गई।

काफी देर तक तलाश के बाद राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन बल (एनडीआरएफ) की टीम ने पास के साताली चाय बागान इलाके से बच्ची का शव बरामद किया। पुलिस ने बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए अलीपुरद्वार जिला अस्पताल भेज दिया है। घटना के बाद पूरे इलाके में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। इस घटना के बाद गुस्साए स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर जोरदार प्रदर्शन शुरू कर दिया। उन्होंने भूटान जाने वाली मुख्य सड़क को अवरुद्ध कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने साफ कहा है कि जब तक अवैध निर्माण को तोड़ा नहीं जाता, उनका प्रदर्शन जारी रहेगा। पुलिस स्थिति पर नजर बनाई हुई है।

Subscribe Now