आरजी कर मामले में बढ़ी कार्रवाई, संजीव मुखर्जी गिरफ्तार

आरजी कर मामले में बढ़ी कार्रवाई, संजीव मुखर्जी गिरफ्तार

कोलकाता। आर.जी. कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में महिला चिकित्सक से दुष्कर्म और हत्या के मामले में एक और फिर गिरफ्तारी हुई है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के निर्देश के बाद मामले में नए सिरे से प्राथमिकी दर्ज किए जाने के बाद पुलिस ने गुरुवार को ओडिशा से पानीहाटी के पूर्व तृणमूल कांग्रेस विधायक निर्मल घोष को गिरफ्तार किया। इसी मामले में अब पीड़िता की पड़ोसी और पूर्व पार्षद संजीव मुखर्जी को भी गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, संजीव मुखर्जी को कोलकाता के चिनार पार्क स्थित एक मकान से गिरफ्तार किया गया। उन पर आरोप है कि उन्होंने पीड़िता के परिजनों की इच्छा और आपत्ति की अनदेखी करते हुए शव का जल्द अंतिम संस्कार कराने में भूमिका निभाई थी। इस मामले में पुलिस फरार एक अन्य आरोपित तथा पानीहाटी नगरपालिका के अध्यक्ष सोमनाथ दे की भी तलाश कर रही है।

हालांकि, संजीव मुखर्जी ने हाल में अपने ऊपर लगे आरोपों से इनकार किया था। उनका दावा था कि घटना वाले दिन वह मृतक चिकित्सक के परिवार के साथ मौजूद थे और पड़ोसी की मदद करने के लिए वहां गए थे। उन्होंने कहा था कि पड़ोसी की सहायता करने के कारण ही वह इस मामले में फंस गए हैं।

गौरतलब है कि मृत चिकित्सक के पिता ने पिछले सोमवार को निर्मल घोष समेत तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की थी। इसके दो दिन बाद ही मामले में दो आरोपितों की गिरफ्तारी हुई है। पुलिस अब मामले में अन्य आरोपितों की भूमिका की जांच कर रही है।

Subscribe Now