16 करोड़ की चिटफंड ठगी का खुलासा, छह आरोपी गिरफ्तार

16 करोड़ की चिटफंड ठगी का खुलासा, छह आरोपी गिरफ्तार


हावड़ा। पच्चीस महीने में निवेश की राशि दोगुनी करने का लालच देकर पश्चिम बंगाल के विभिन्न जिलों के लोगों से करोड़ों रुपये की ठगी करने के आरोप में हावड़ा सिटी पुलिस की डिटेक्टिव डिपार्टमेंट (डीडी) ने ब्लूमवेल्थ ब्रांड इक्विटी ब्रोकर प्राइवेट लिमिटेड नामक कंपनी के छह लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों में कंपनी के निदेशक सुजय कांजीलाल, नमिता कांजीलाल, सुदृषा कांजीलाल सहित तीन अन्य शामिल हैं। पुलिस ने सभी आरोपितों को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

गुरुवार को हावड़ा सिटी पुलिस के डिटेक्टिव विभाग की ओर से आयोजित प्रेस वार्ता में बताया गया कि कंपनी ने 185 से अधिक निवेशकों से करोड़ों रुपये जमा कराए, लेकिन तय समय पर उनकी राशि वापस नहीं की। अब तक की जांच में लगभग 16 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का पता चला है।

पुलिस के अनुसार, कुछ दिन पहले बांत्रा थाने में एक पीड़ित ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उससे 13 लाख रुपये की ठगी की गई है। शिकायत के आधार पर जांच शुरू की गई तो सामने आया कि इसी तरह करीब 185 लोग इस कंपनी के झांसे का शिकार हुए हैं। मामले से जुड़े कुल 12 मुकदमे राज्य के विभिन्न थानों में दर्ज किए गए हैं।

हावड़ा सिटी पुलिस के डीसी (डीडी) राहुल मिश्रा ने बताया कि कंपनी लोगों को यह भरोसा दिलाती थी कि शेयर बाजार में निवेश कर उनकी रकम 25 महीने में दोगुनी कर दी जाएगी। शुरुआत में कुछ निवेशकों को पैसा लौटाया भी जाता था, ताकि वे अधिक निवेश करें और नए लोगों को भी जोड़ें। जांच के दौरान पुलिस ने 413 केवाईसी दस्तावेज जब्त किए हैं। अब यह पता लगाया जा रहा है कि इस ठगी का शिकार और कितने लोग हुए हैं।

पुलिस के मुताबिक, कंपनी का संचालन वर्ष 2012 से किया जा रहा था। इसके कार्यालय हावड़ा के चटर्जीहाट थाना क्षेत्र के अलावा कोलकाता के हेयर स्ट्रीट और पूर्व बर्दवान में भी हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कोलकाता, हावड़ा और पूर्व बर्दवान सहित राज्य के विभिन्न क्षेत्रों के बड़ी संख्या में लोगों को इस निवेश योजना के नाम पर ठगा गया है। पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

Subscribe Now