सोनभद्र। उत्तर प्रदेश के सोनभद्र में चोपन थाना क्षेत्र के वाराणसी शक्तिनगर मार्ग पर किनारे खड़े अज्ञात वाहन में पीछे से एक तेज रफ्तार अनियंत्रित मैजिक वाहन ने टक्कर मार दी जिससे उस पर सवार दो लोगों की मौत हो गई और तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस सूत्रों के अनुसार गुरुवार की अल सुबह एक तेज रफ्तार मैजिक वाहन अनियंत्रित होकर वाराणसी शक्तिनगर मार्ग पर गुरूदेव आश्रम गुरूमुरा के पास सड़क किनारे खड़ी किसी अज्ञात वाहन में पिछे से टक्कर मार दिया। टक्कर इतनी तेज थी की मैजिक मे सवार दो युवक 32 वर्षीय मनोज कुमार पुत्र स्व रामध्यान मौर्या, निवासी लोढी राबर्टसगंज व 36 वर्षीय श्याम बाबू पुत्र रामदुलारे निवासी छपका की मौके पर मौत हो गई।
मैजिक वाहन चला रहे चालक 42 वर्षीय चन्दन गुप्ता पुत्र राजकुमार निवासी चुर्क, 21 वर्षीय शिवा पुत्र राजमन निवासी छपका रावर्टसगंज और 21 वर्षीय विनय कुमार पुत्र स्व शिव प्रसाद निवासी गढ़वाल दुद्धी घायल हो गए। दुर्घटना देखकर राहगीरों ने पीआरवी पुलिस और चोपन पुलिस को सूचना दी। सूचना पाकर पहुंची चोपन पुलिस ने सभी घायलों को इलाज हेतु चोपन सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र ले जाया गया।
दुर्घटना में मनोज कुमार का शव मैजिक में फंसा रहा जिसे कड़ी मशक्कत से चार घंटे के बाद बाहर निकाला जा सका। घटना में घायल चंदन गुप्ता को चोपन स्वास्थ्य केन्द्र से बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया और दोनों घायलों को हल्की चोटें आने की वजह से प्राथमिक उपचार के उपरांत घर जाने के लिए छूट्टी दे दी गई। इस सन्दर्भ में चोपन थाना के उप निरिक्षक विनोद यादव ने बताया की एक मैजिक पर डीजे लेकर बारात लगाने के लिए कुछ लोग कल बुधवार को दुद्धी गये थे।
आज सुबह यह लोग लौट रहे थे तभी गुरूमुरा के पास दूर्घटना हो गई जिसमें दो लोग मनोज और श्याम बाबू की मौत हो गई है। दोनों शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। घटना में शामिल वाहन की तलाश की जा रही है और तहरीर मिलने मुकदमा पंजीकृत किया जाएगा।





