सर्राफा कारोबारी की आंखों के मिर्च डालकर की थी लूट
फिरोजाबाद। उत्तर प्रदेश के जनपद फिरोजाबाद की थाना शिकोहाबाद पुलिस व एसओजी टीम ने मुठभेड़ में बृहस्पतिवार देर रात नोएडा के तीन शातिर लुटेरों को गिरफ्तार किया है। एक अभियुक्त पैर में गोली लगने से घायल हुआ है। पुलिस ने इसे अस्पताल भिजवाया है। बदमाशों के कब्जे से 19 लाख की नकदी असलाह आदि बरामद हुए हैं। गिरफ्तार बदमाशों ने सर्राफा कारोबारी की आंखों में मिर्च डालकर आभूषण व नकदी लूटी थी।
अपर पुलिस अधीक्षक देहात अनुज चौधरी ने बताया कि जनपद में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देश पर में डकेती व लूट की घटनाओं के खुलासे और वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चल रहा है। इसी के क्रम में थाना प्रभारी शिकोहाबाद अनुज कुमार राणा पुलिस टीम के साथ बृहस्पतिवार देर रात क्षेत्र में गश्त पर थे तभी सूचना मिली कि 12 जून को थाना शिकोहाबाद कस्बा क्षेत्रान्तर्गत हुई लूट की घटना से सम्बन्धित वांछित अभियुक्तगण छीछामई नहर के रास्ते होते हुए नसीरपुर से हाईवे पकड़कर लखनऊ भागने की फिराक में हैं। सूचना पर पुलिस व एसओजी टीम ने घेराबंदी की तो काली स्कोर्पियो सवार संदिग्ध व्यक्तियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
पुलिस टीम की आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्यवाही में एक संदिग्ध व्यक्ति पैर में गोली लगने से घायल हो गया। घायल की पहचान वांछित अभियुक्त सुमित उर्फ भोला पुत्र सुन्दर के रूप में हुई। वहीं सहअभियुक्त नीरज पुत्र महावीर सिंह व कौशेन्द्र पुत्र समय सिंह निवासीगण कामबक्षपुर थाना नोलेजपार्क ग्रेटर नोएडा जनपद गौतमबुद्ध नगर को मौके से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से 02 अवैध तमंचा, 02 खोखा कारतूस, 04 जिन्दा कारतूस, 19 लाख रूपये (लूट की घटना से सोना बेचकर प्राप्त), घटना में प्रयुक्त मोटर साइकिल व 01 कार स्कोर्पियो ब्लैक कलर बरामद हुई है। एएसपी ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों का आपराधिक इतिहास है। घायल अभियुक्त सुमित उर्फ भोला को पुलिस अभिरक्षा में उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया है। आवश्यक विधिक कार्यवाही की जा रही है।
पुलिस मुठभेड़ में नोएडा के 3 शातिर बदमाश गिरफ्तार, 19 लाख की नकदी, असलहे और वाहन बरामद
Jun 19 2026 10:38AM
2 मिनट का रीड
192481
16





