इटावा : उत्तर प्रदेश के इटावा जिले में सैफई थाना पुलिस ने शुक्रवार की देर रात को चेकिंग के दौरान अन्तरजनपदीय वाहन चोर गिरोह के चार बदमाशों को गिरफ्तार किया है।
क्षेत्राधिकारी केपी सिंह ने बताया कि शुक्रवार की रात थाना सैफई पुलिस नहर पुल पर वाहन चेकिंग कर रही थी, तभी पुलिस को सूचना मिली कि चोरी की दो मोटरसाइकिल पर सवार दो व्यक्ति जिनके पास अवैध असलाह भी है।
वह मैनपुरी जिले के ग्राम कुर्रा की तरफ से हवाई पट्टी की और आ रहे हैं। सूचना मिलने पर पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए दो बाइकों पर सवार बदमाश अमन मंसूरी और सुग्रीव को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से एक तमंचा दो जिंदा कारतूस एक चाकू बरामद हुआ है।
पूछताछ में बदमाशों ने बताया कि वे अपने साथियों के साथ मिलकर सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी एवं आसपास के क्षेत्रों में घूम-घूमकर बाइकें चोरी करते है। चोरी की बाइकों के इंजन और चेचिस और अन्य महत्वपूर्ण पार्ट बदलकर उन्हें बेच देते है और बाकी सामान को कबाड़ में बेचकर आर्थिक लाभ उठाते है। गिरफ्तार बदमाशों की निशानदेही पर पुलिस ने उनके दो साथी जुनैद और प्रमोद उर्फ पप्पू को कटी हुई मोटरसाइकिल के पार्ट चेसिस, पेट्रोल टंकी, साईंलेसर समेत गिरफ्तार कर लिया है।
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार बदमाशों का लंबा चौड़ा आपराधिक इतिहास है और कई बार जेल जा चुके है। पुलिस ने इन सभी के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है।





