हरिद्वार। उत्तराखंड के हरिद्वार में सोमवार सुबह एक बस दुर्घटना में दो लोगों की मौत हो गई। यह घटना हरिद्वार-नजीबाबाद हाईवे पर हुई, जिससे हाईवे पर दोनों और लंबा जाम लग गया। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लिया और यातायात को बहाल कराया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस चालक को नींद की झपकी आई थी। इसके कारण बस गलत दिशा में एक पिकअप गाड़ी से जा टकराई। हादसा इतना भीषण था कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
अधिकारियों ने बताया कि श्यामपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद क्रेन की सहायता से बस को हाईवे से हटाया, जिसके बाद यातायात को सुचारु किया गया।
इससे पहले, उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले में कोटद्वार-पौड़ी राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार को एक दर्दनाक हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हुए।
बताया गया कि सतपुली के पास सड़क चौड़ीकरण कार्य के दौरान पहाड़ से एक बोल्डर बोलेरो गाड़ी पर गिर गया था।
जानकारी के अनुसार, गुमखाल-सतपुली मार्ग पर सड़क चौड़ीकरण का कार्य चल रहा था। इसी दौरान पहाड़ी से अचानक एक बड़ा बोल्डर नीचे आ गिरा और गाजियाबाद नंबर की बोलेरो को अपनी चपेट में ले लिया।
वाहन गुमखाल से सतपुली की ओर जा रहा था।
बोल्डर गिरने से बोलेरो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में वाहन में सवार श्रीकांत (45) निवासी केरल की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, चालक समेत सरनजीत (61), निवासी दिल्ली और उदय, निवासी पश्चिम बंगाल गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया गया कि तीनों गाजियाबाद स्थित एक निजी कंपनी में काम करते थे।
वहीं, ऋषिकेश-बद्रीनाथ हाईवे पर हुए एक हादसे में डेढ़ वर्षीय मासूम बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। बताया गया कि चढ़ाई पर चढ़ते समय ट्रक अनियंत्रित हो गया और उसने एक बाइक को टक्कर मारी। इसी दौरान, बच्ची ट्रक के टायर के नीचे आई और उसकी मौत हो गई।





