logo

चारधाम यात्रा की तैयारियां: अतिक्रमण हटाओ अभियान, 100 से अधिक झोपडि़यां ध्वस्त


हरिद्वार। चारधाम यात्रा को सुगम और सुव्यवस्थित ढंग से संचालित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा शहर में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में गुरुवार को सिटी मजिस्ट्रेट कुश्म चौहान के नेतृत्व में नगर निगम और पुलिस की संयुक्त टीम ने पंतद्वीप घाट और उसके आसपास के क्षेत्रों में व्यापक कार्रवाई की।

अभियान के दौरान घाट और आसपास के क्षेत्रों में अवैध रूप से बनाई गई लगभग 100 से अधिक झोपडि़यों और खोखों को ध्वस्त किया गया। प्रशासन की टीम ने मौके पर मौजूद लोगों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि भविष्य में इन स्थानों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि दोबारा अतिक्रमण किया गया तो संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

सिटी मजिस्ट्रेट कुश्म चौहान ने बताया कि चारधाम यात्रा के दौरान हरिद्वार में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं, ऐसे में सड़कों, फुटपाथ, पैदल मार्ग और गंगा घाटों पर अतिक्रमण होने से आवागमन बाधित होता है और श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसी को ध्यान में रखते हुए यह अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के दौरान अधिकारियों ने स्थानीय लोगों और दुकानदारों से नियमों का पालन करने तथा शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने में सहयोग करने की अपील भी की।

इस दौरान उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी, हरकी पैड़ी चौकी प्रभारी संजीत कंडारी, रोड़ी बेलवाला चौकी प्रभारी नवीन चौहान, मुख्य सफाई निरीक्षक संजय शर्मा, सफाई निरीक्षक धीरेंद्र सेमवाल सहित संबंधित अधिकारी और भारी पुलिस बल मौजूद रहा।

Subscribe Now