BREAKING NEWS

रुद्रप्रयाग में खाई में कार गिरने से पांच घायल, तोताघाटी में श्रद्धालुओं की बस पलटी

रुद्रप्रयाग में खाई में कार गिरने से पांच घायल, तोताघाटी में श्रद्धालुओं की बस पलटी
देहरादून। उत्तराखंड में रविवार को दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में आठ लाेग घायल हाे गए। रुद्रप्रयाग जिले में एक कार खाई में गिरने से पांच लाेग घायल हाे गए और टिहरी गढ़वाल जिले के तोताघाटी क्षेत्र में चारधाम यात्रियों की बस पलटने तीन श्रद्धालु घायल हाे गए। एसडीआरएफ की टीमों ने रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया।

रुद्रप्रयाग जिले में तिलवाड़ा पेट्रोल पंप के समीप एक एसयूवी कार अनियंत्रित होकर लगभग 50 से 60 मीटर गहरी खाई में नदी किनारे जा गिरी। सूचना मिलने पर एसडीआरएफ पोस्ट अगस्त्यमुनि की टीम उपनिरीक्षक धर्मेंद्र पवार के नेतृत्व में मौके पर पहुंची। एसडीआरएफ ने जिला पुलिस और स्थानीय लोगों के सहयोग से संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाकर कारसवाराें काे बाहर निकाल करअस्पताल पहुंचाया। कार में दो महिलाएं और तीन पुरुष समेत पांच लाेग सवार थे। घायलों में झारखंड निवासी 30 वर्षीय प्रिंस सिंह, पश्चिम बंगाल निवासी 28 वर्षीय सभीमा सिंह, असम के जलपाईगुड़ी जिले की 27 वर्षीय सुजोन मुखर्जी और 30 वर्षीय ऋजा मुखर्जी और एक अन्य शामिल हैं।

दूसरी दुर्घटना टिहरी गढ़वाल के तोताघाटी क्षेत्र में हुई। बदरीनाथ से ऋषिकेश जा रही चारधाम यात्रियाें की एक बस सड़क पर पलट गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बस के ब्रेक फेल होने से हादसा हुआ। बस में कुल 39 यात्री सवार थे। दुर्घटना में तीन से चार यात्रियों को मामूली चोटें आईं। सूचना पर एसडीआरएफ के जवानाें ने रेस्क्यू कर उपचार के लिए ऋषिकेश अस्पताल भेजा। अन्य सभी यात्री सुरक्षित बताए गए हैं।

Subscribe Now