BREAKING NEWS

40 हजार की रिश्वत लेते उरेडा के परियोजना अधिकारी गिरफ्तार

40 हजार की रिश्वत लेते उरेडा के परियोजना अधिकारी गिरफ्तार


बागेश्वर,। उत्तराखंड सतर्कता अधिष्ठान की ट्रैप टीम ने बागेश्वर में उत्तराखंड अक्षय ऊर्जा विकास अभिकरण (उरेडा) के परियोजना अधिकारी को 40 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए आज रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।

सतर्कता अधिष्ठान के अनुसार, शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि उरेडा में सोलर प्लांटों की संयुक्त निरीक्षण रिपोर्ट (जेआईआर) लंबे समय से लंबित है। आरोप है कि परियोजना अधिकारी धीरेन्द्र सिंह पटवाल प्रति फाइल 10 से 15 हजार रुपये रिश्वत की मांग कर रहे थे। शिकायतकर्ता की चार फाइलें लंबित थीं, जिनके निस्तारण के लिए कुल 40 हजार रुपये मांगे गए थे।

शिकायत की प्रारंभिक जांच में आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए जाने पर पुलिस अधीक्षक, सतर्कता अधिष्ठान सेक्टर हल्द्वानी के निर्देशन में निरीक्षक के नेतृत्व में ट्रैप टीम का गठन किया गया।

टीम ने शुक्रवार को नियमानुसार कार्रवाई करते हुए परियोजना अधिकारी धीरेन्द्र सिंह पटवाल, निवासी राजनगर, पीरूमदारा, रामनगर (जनपद नैनीताल), को शिकायतकर्ता से 40 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

सतर्कता अधिष्ठान ने बताया कि मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत अग्रिम विवेचनात्मक कार्रवाई की जा रही है।

सतर्कता निदेशक डॉ. वी. मुरुगेशन ने नागरिकों से भ्रष्टाचार की शिकायतें टोल फ्री नंबर 1064 और व्हाट्सएप हेल्पलाइन 9456592300 पर दर्ज कराने की अपील की है।

Subscribe Now