एसटीएफ ने राष्ट्रविरोधी और कट्टरपंथी गतिविधियों में संलिप्त व्यक्ति किया गिरफ्तार

एसटीएफ ने राष्ट्रविरोधी और कट्टरपंथी गतिविधियों में संलिप्त व्यक्ति किया गिरफ्तार
देहरादून। उत्तराखंड स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने राज्य में कथित राष्ट्रविरोधी एवं कट्टरपंथी गतिविधियों से जुड़े एक मामले में उधमसिंहनगर जिले के गदरपुर निवासी एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपित के सोशल मीडिया खातों और मोबाइल फोन की जांच में कट्टरपंथी विचारधारा से संबंधित सामग्री और संदिग्ध चैट्स मिलने के बाद यह कार्रवाई की गई।

एसटीएफ के अनुसार गिरफ्तार आरोपित की पहचान मो. सलाउद्दीन पुत्र अब्दुल मलिक, निवासी मजरासीला, गदरपुर (जनपद उधमसिंहनगर) के रूप में हुई है। आरोप है कि वह इंस्टाग्राम, टेलीग्राम और सिग्नल जैसे सोशल मीडिया मंचों के माध्यम से युवाओं को प्रभावित कर कट्टरपंथी विचारधारा से जोड़ने और सामाजिक सौहार्द और राष्ट्रीय सुरक्षा के प्रतिकूल गतिविधियों को बढ़ावा देने का प्रयास कर रहा था। जांच एजेंसी के मुताबिक मोबाइल फोन की प्रारंभिक जांच में कई समूहों और चैट्स में कथित रूप से जिहाद, शहादत और राष्ट्रविरोधी विचारों से संबंधित सामग्री पाई गई। एसटीएफ ने दावा किया कि कुछ चैट्स में हथियारों और विस्फोटक सामग्री के भंडारण एवं आवाजाही से संबंधित संदिग्ध बातचीत भी सामने आई है, जिसकी तकनीकी और फॉरेंसिक जांच की जा रही है।

एसटीएफ ने एक बयान जारी कर बताया कि प्रारंभिक जांच में आरोपित के सोशल मीडिया नेटवर्क के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय अथवा सीमापार कट्टरपंथी तत्वों से संभावित संपर्कों के संकेत मिले हैं। इन संपर्कों की सत्यता और दायरे का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच जारी है। मो. सलाउद्दीन (पुत्र अब्दुल मलिक), निवासी मजरासीला, गदरपुर, जनपद उधमसिंहनगर के उत्तर प्रदेश के रामपुर निवासी एक व्यक्ति से संपर्क होने की जानकारी मिली है, जिसकी भूमिका की जांच की जा रही है।

एसटीएफ के अनुसार देर रात चलाए गए सर्च अभियान के दौरान आरोपित की निशानदेही पर एक पिस्तौल, पांच कारतूस, चार डेटोनेटर और दो एके-47 कारतूस बरामद किए गए हैं। बरामद सामग्री की जांच की जा रही है। मामले में आरोपित के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 152 और 61(2) और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम, 2000 की धारा 66(सी) और 66(एफ) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसटीएफ) अजय सिंह ने बताया कि मामले से संबंधित सूचनाएं विभिन्न अभिसूचना एवं सुरक्षा एजेंसियों के साथ साझा की गई हैं और आगे की विधिक कार्रवाई जारी है। उन्होंने आमजन से अपील की है कि राष्ट्रविरोधी अथवा संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस या एसटीएफ को सूचित करें। सूचनाकर्ता की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

Subscribe Now