नई दिल्ली। भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज का चौथा मुकाबला गुरुवार को ब्रिस्टल के काउंटी ग्राउंड पर खेला जाना है। श्रेयस अय्यर की कप्तानी में भारतीय टीम सीरीज में पहली जीत दर्ज करने के इरादे से मैदान पर उतरेगी। इंग्लैंड सीरीज में 2-0 से आगे है।
हालांकि, वैभव सूर्यवंशी दो मुकाबलों में अब तक अपनी छाप छोड़ने में नाकाम रहे हैं।
कप्तान श्रेयस अय्यर इस सीरीज में अपने नाम के अनुरूप प्रदर्शन नहीं कर सके हैं। वहीं, ईशान किशन भी इंग्लैंड के तेज गेंदबाजों के आगे संघर्ष करते हुए दिखाई दिए हैं।
अक्षर पटेल और तिलक वर्मा भी बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके हैं। शिवम दुबे कुछ हद तक लय में दिखाई दिए हैं, लेकिन उनके बल्लेबाजी क्रम में लगातार बदलाव देखने को मिले हैं।
दूसरी ओर, इंग्लैंड के लिए इस सीरीज में अब तक सब कुछ सही घटा है।
फिल साल्ट ने तीसरे टी20 में शानदार बल्लेबाजी करते हुए 44 गेंदों में 70 रनों की दमदार पारी खेली थी। वहीं, जोस बटलर और जैकब बेथेल भी अच्छी लय में दिखाई दिए हैं। टॉम बैंटन ने भी बल्ले से अहम योगदान दिया है।
सैम करन ने तीसरे टी20 में 24 गेंदों में 41 रनों की नाबाद पारी खेली थी। गेंदबाजी में जोफ्रा आर्चर नई गेंद से भारतीय बल्लेबाजों के लिए सिरदर्द साबित हुए हैं। तीसरे टी20 में आर्चर ने 29 रन देकर 3 विकेट झटके थे, जबकि जोश टंग ने 28 रन देकर 4 विकेट निकाले थे।
आदिल रशीद और विल जैक्स की स्पिन जोड़ी ने भी इंग्लैंड के लिए अच्छा प्रदर्शन किया है।
ब्रिस्टल के मैदान पर आमतौर पर बल्लेबाजों का बोलबाला रहता है। इस ग्राउंड में सामने की तरफ वाली बाउंड्री काफी छोटी है। पिच में बढ़िया बाउंस होने की वजह से गेंद बल्ले पर काफी अच्छे से आती है।
21 टी20 मुकाबलों में इस मैदान पर 10 मैचों में जीत पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम के हाथ लगी है, जबकि 11 मुकाबलों में बाजी रनों का पीछा करने वाली टीम ने मारी है। पहली पारी का औसतन स्कोर 158 और दूसरी इनिंग का औसत स्कोर यहां 141 रन रहा है। एक्यूवेदर की रिपोर्ट के अनुसार, गुरुवार को ब्रिस्टल में मौसम पूरी तरह से साफ रहने की उम्मीद है। बारिश होने की आशंका न के बराबर है।
भारतीय टीम का स्क्वॉड: श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा (उपकप्तान), रवि बिश्नोई, अभिषेक शर्मा, सूर्यांश शेडगे, प्रसिद्ध कृष्णा, संजू सैमसन, अक्षर पटेल, हर्षित राणा, ईशान किशन, वॉशिंगटन सुंदर, अर्शदीप सिंह, शिवम दुबे, वरुण चक्रवर्ती, प्रिंस यादव और वैभव सूर्यवंशी।
इंग्लैंड टीम का स्क्वॉड: हैरी ब्रूक, रेहान अहमद, जोफ्रा आर्चर, सोनी बेकर, टॉम बैंटन, जैकब बेथेल, जोस बटलर, जेम्स कोल्स, जॉर्डन कॉक्स, सैम कुरेन, लियाम डॉसन, विल जैक्स, साकिब महमूद, आदिल राशिद, फिल साल्ट, जोश टंग और ल्यूक वुड।





