रांची: झारखंड स्टेटस क्रिकेट एसोसिएशन इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम (जेएससीए) में सोमवार को झारखंड टी20 क्रिकेट लीग 2026 के दो सेमीफाइनल मुकाबले खेले गए।
पहले सेमीफाइनल मुकाबले में जमशेदपुर स्टीलर्स ने कोयलांचल सुपर किंग्स को मात दी। वहीं, दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में छोटा नागपुर रॉयल्स ने बड़े स्कोर का पीछा करते हुए रांची टाइटंस को टूर्नामेंट से बाहर कर दिया।
दोनों ही मुकाबलों में बल्लेबाजों का दबदबा दिखा। जमशेदपुर स्टीलर्स और छोटा नागपुर रॉयल्स ने अपने विरोधियों को हराकर फाइनल में एंट्री ले ली है।
पहले सेमीफाइनल मुकाबले की बात करें तो जमशेदपुर स्टीलर्स ने कोयलांचल सुपर किंग्स 79 रनों से हराया।
जमशेदपुर स्टीलर्स की ओर से कुमार करण ने 63 गेंदों का सामना करते हुए नाबाद 143 रनों की शानदार शतकीय पारी खेली। इस दौरान करण के बल्ले से 8 चौके और 3 छक्के निकले, जबकि रवि शर्मा ने 46 गेंदों का सामना करते हुए नाबाद 81 रनों की बेहतरीन पारी खेली।
इस तरह से पहले बल्लेबाजी करते जमशेदपुर स्टीलर्स ने दो विकेट के नुकसान पर निर्धारित 20 ओवरों में 250 रनों का बड़ा स्कोर खड़ा किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी कोयलांचल सुपर किंग्स के कप्तान ने 101 रनों की शतकीय पारी खेली।
लेकिन उनकी ये पारी टीम को जीत नहीं दिला पाई। उनके अलावा कोई और बल्लेबाज 20 रन का स्कोर पार नहीं कर पाया। इस तरह से जमशेदपुर किंग्स ने 79 रनों से जीत दर्ज कर फाइनल में जगह बनाई।
दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले की बात करें तो रांची टाइटंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए अपने 20 ओवरों में 8 विकेट के नुकसान पर 220 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया।
36 गेंदों का सामना करते हुए श्रेष्ठ ने 62 रनों की अर्धशतकीय पारी खेली। उनके अलावा आर्यन हुड्डा (29), प्रियांशु चौबे (24), राजदीप सिंह (24) और कुमार अंकित (23) की छोटी लेकिन असरदार पारियों की मदद से टीम का स्कोर 200 के पार पहुंच गया।
221 रनों के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी छोटानागपुर रॉयल्स ने 3 विकेट के नुकसान पर 221 रन बनाकर मैच जीतने के साथ ही फाइनल में एंट्री ले ली। ओपनिंग जोड़ीदार एमडी नाजिम सिद्दीकी और कप्तान विराट सिंह ने टीम को मजबूत शुरुआत दी और 97 रनों की बेहतरीन साझेदारी की।
सिद्दीकी 43 रन बनाकर आउट हुए। कप्तान विराट सिंह ने 77 रनों की पारी खेली। कुमार कुशाग्रा ने 26 गेंदों में धुआंधार 58 रन बनाए, जबकि श्रेष्ठ सागर ने नाबाद 27 रन बनाकर टीम को शानदार जीत दिलाई।





