साइप्रस के राष्ट्रपति निकोस क्रिस्टोडौलिड्स ने प्रधानमंत्री मोदी के साथ ली सेल्फी

साइप्रस के राष्ट्रपति निकोस क्रिस्टोडौलिड्स ने प्रधानमंत्री मोदी के साथ ली सेल्फी
नई दिल्ली। साइप्रस के राष्ट्रपति निकोस क्रिस्टोडौलिड्स ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ एक हल्का-फुल्का और दोस्ताना पल साझा किया। दोनों देशों के रिश्तों को और मजबूत बनाने के लिए होने वाली बातचीत से पहले राष्ट्रपति निकोस क्रिस्टोडौलिड्स ने पीएम मोदी के साथ सेल्फी ली।

हैदराबाद हाउस में बैठक से पहले राष्ट्रपति निकोस क्रिस्टोडौलिड्स और पीएम मोदी ने गर्मजोशी से एक-दूसरे का स्वागत किया। इसके बाद क्रिस्टोडौलिड्स ने अपने मोबाइल फोन से पीएम मोदी के साथ सेल्फी खींची। इससे पहले भी कई बड़े विदेशी नेता, जैसे फ़्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों और इटली की प्रधानमंत्री जियोर्जिया मेलोनी, पीएम मोदी के साथ सेल्फी ले चुके हैं।

 शुक्रवार सुबह राष्ट्रपति क्रिस्टोडौलिड्स ने राजघाट जाकर महात्‍मा गांधी को श्रद्धांजलि भी दी। विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने भी राष्ट्रपति क्रिस्टोडौलिड्स से मुलाकात की और भारत-साइप्रस संबंधों और भारत-यूरोपीय संघ सहयोग को मजबूत करने के लिए उनके सकारात्मक रवैये और मार्गदर्शन की सराहना की। बैठक के बाद जयशंकर ने सोशल मीड‍िया प्‍लेटफॉर्म 'एक्‍स' पर लिखा, “आज नई दिल्ली में साइप्रस गणराज्य के राष्ट्रपति क्रिस्टोडौलिड्स से मिलकर खुशी हुई। 

भारत-साइप्रस संबंधों और भारत-ईयू सहयोग को मजबूत करने के लिए उनके सकारात्मक विचारों और मार्गदर्शन की सराहना करता हूं।” राष्ट्रपति क्रिस्टोडौलिड्स गुरुवार को नई दिल्ली पहुंचे थे। एयरपोर्ट पर केंद्रीय राज्य मंत्री अजय अजय टम्टा ने उनका स्वागत किया। विदेश मंत्रालय सोशल मीड‍िया प्‍लेटफॉर्म 'एक्‍स' पर लिखा, “साइप्रस के राष्ट्रपति निकोस क्रिस्टोडौलिड्स का नई दिल्ली पहुंचने पर गर्मजोशी से स्वागत किया गया। मुंबई दौरे के बाद वह दिल्ली पहुंचे। उन्हें औपचारिक स्वागत और गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। 

केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा ने उनका स्वागत किया।” एमईए के मुताबिक, यह दौरा जून 2025 में पीएम मोदी की साइप्रस यात्रा के बाद बने सकारात्मक माहौल को आगे बढ़ाने के लिए है और यह भारत-साइप्रस साझेदारी को और मजबूत करने की साझा प्रतिबद्धता दिखाता है। राष्ट्रपति क्रिस्टोडौलिड्स, राष्ट्रपति द्रौपदी मूर्मू से भी मुलाकात करेंगे। राष्ट्रपति मूर्मू उनके सम्मान में आधिकारिक भोज का आयोजन क‍िया है। नई दिल्ली आने से पहले राष्ट्रपति क्रिस्टोडौलिड्स मुंबई भी गए थे। गुरुवार को उन्होंने नेशनल स्टॉक एक्सचेंज ऑफ इंडिया (एनएसई) के चेयरमैन श्रीनिवास इंजेती और एमडी एवं सीईओ आशीषकुमार चौहान के साथ मुंबई में एनएसई इंडिया की घंटी बजाई थी।

Subscribe Now