जैसलमेर। जैसलमेर में मंगलवार सुबह चलती स्कूल बस में अचानक भीषण आग लग गई। बस में 17 बच्चे सवार थे। इंजन से धुआं उठते ही चालक ने बस रोककर सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इसके बाद कुछ ही मिनट में बस आग का गोला बन गई। हादसा सदर थाना इलाके के धऊवा गांव के पास हुआ।
सदर थाना के जगदीशदान ने बताया कि बस पिथला गांव से बच्चों को लेकर डाबला रोड स्थित एसएम पब्लिक स्कूल जा रही थी। धऊवा के पास सड़क पर बने गड्ढे में आगे का पहिया आने से बस में झटका लगा और शॉर्ट सर्किट हो गया। इंजन वाले हिस्से से धुआं उठने के बाद आग की लपटें निकलने लगीं। चालक ने बस सड़क किनारे रोककर गेट खोला और सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। स्थानीय ग्रामीणों ने भी मौके पर पहुंचकर बच्चों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने में मदद की।





