जयपुर : जिले में निर्धारित मानकों के आधार पर चयनित ग्रामों में जिला प्रशासन, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (पीएचईडी), सांसद एवं विधायक तथा उनके द्वारा नामित प्रतिनिधियों के संयुक्त दल द्वारा जल जीवन मिशन के अंतर्गत संचालित कार्यों का गहन निरीक्षण किया जा रहा है।
जिला कलक्टर जयपुर संदेश नायक के निर्देशानुसार संयुक्त निरीक्षण के दौरान पेयजल योजनाओं की प्रगति, घरेलू नल कनेक्शनों की स्थिति, जलापूर्ति की गुणवत्ता एवं नियमितता तथा आमजन को प्राप्त हो रहे लाभों का विस्तृत मूल्यांकन किया गया।
निरीक्षण दल द्वारा ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं, सुझावों एवं अपेक्षाओं की जानकारी भी प्राप्त की गई।
जिला कलक्टर ने बताया कि इस अभियान के अंतर्गत जयपुर ग्रामीण क्षेत्र के झोटवाड़ा, जोबनेर, आमेर, गोविंदगढ़, सांभर, किशनगढ़-रेनवाल, फागी, सांगानेर, चाकसू, बस्सी, जालसू, आंधी, जमवारामगढ़, मौजमाबाद, दूदू, कोटखावदा, तुंगा, माधोराजपुरा एवं शाहपुरा ब्लॉकों की कुल 40 जल योजनाओं का निरीक्षण किया जाना प्रस्तावित है।
इनमें से 03 जून 2026 तक कुल 23 जल योजनाओं का निरीक्षण पूर्ण किया जा चुका है, जबकि शेष 17 योजनाओं का निरीक्षण आगामी दिनों में किया जाएगा।
अभियान के दौरान सांसद सीकर अमराराम, विधायक चौमूं शिखा मील बराला तथा पूर्व विधायक फुलेरा निर्मल कुमावत द्वारा भी विभिन्न ग्रामों का व्यक्तिगत रूप से भ्रमण कर पेयजल व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया तथा आवश्यक सुझाव प्रदान किए गए।
संयुक्त निरीक्षण दल ने विभिन्न स्थलों का भ्रमण कर कार्यों की गुणवत्ता एवं प्रगति की समीक्षा की। जहां आवश्यक पाया गया, वहां सुधारात्मक कार्यवाही सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश प्रदान किए गए।





