फोम फैक्ट्री में भीषण आग से 60 लाख का नुकसान

फोम फैक्ट्री में भीषण आग से 60 लाख का नुकसान


नागौर, शहर के डेह रोड स्थित गोरखनाथ मंदिर के पास रविवार देर रात फोम, सोफा और गद्दा निर्माण की एक फैक्ट्री में भीषण आग लगने से लाखों रुपए का सामान जलकर राख हो गया। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरी फैक्ट्री इसकी चपेट में आ गई। प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, लेकिन सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद पुलिस अन्य सभी पहलुओं से भी जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार रात करीब 11 बजे फैक्ट्री में अचानक आग भड़क उठी। फैक्ट्री में बड़ी मात्रा में फोम और अन्य ज्वलनशील सामग्री होने के कारण आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया। सूचना मिलते ही दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, लेकिन करीब आधे घंटे में उनका पानी खत्म हो गया। इसके बाद दोबारा पानी भरकर आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया।

हादसे में तैयार सोफे, गद्दे, होम डेकोर का सामान सहित बड़ी मात्रा में तैयार और कच्चा माल जलकर राख हो गया। फैक्ट्री संचालक ने आग से करीब 60 लाख रुपए के नुकसान का दावा किया है। घटना के बाद कोतवाली थाना पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में एक युवक शॉल ओढ़े फैक्ट्री की ओर जाता दिखाई दे रहा है। कुछ देर बाद उसी स्थान से आग की लपटें उठती नजर आती हैं और युवक तेजी से वापस लौटता दिखाई देता है। स्थानीय लोगों का दावा है कि युवक के हाथ में कोई ज्वलनशील पदार्थ भी था, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर संदिग्ध युवक की पहचान और उसकी भूमिका की जांच शुरू कर दी है।

Subscribe Now