जयपुर। पिंक सिटी प्रेस क्लब में रविवार को 10 दिवसीय बाल अभिरुचि शिविर का शुभारंभ जयपुर शहर सांसद मंजू शर्मा ने किया।
इस अवसर पर उन्होंने बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ कला, संस्कृति और रचनात्मक गतिविधियों से जुड़ने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि ऐसे शिविर बच्चों की प्रतिभा को निखारने और उनके आत्मविश्वास को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
सांसद मंजू शर्मा ने शिविर में बच्चों द्वारा प्रस्तुत संगीत, नृत्य एवं अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे में कोई न कोई विशेष प्रतिभा होती है, जिसे उचित मार्गदर्शन और अवसर मिलने पर नई पहचान मिल सकती है।
उन्होंने बच्चों को प्रकृति और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक बनाने की आवश्यकता पर भी बल दिया। सांसद ने सुझाव दिया कि शिविर के दौरान बच्चों को जंगल सफारी कराई जाए, जिससे वे वन्यजीवों, प्राकृतिक संसाधनों और पर्यावरण के महत्व को समझ सकें तथा प्रकृति के प्रति संवेदनशील बनें।
क्लब के महासचिव राजकुमार शर्मा ने बताया कि 7 से 17 जून तक आयोजित इस शिविर में बच्चों को अभिनय, संगीत, नृत्य, मार्शल आर्ट और अन्य रचनात्मक एवं सांस्कृतिक विधाओं का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ बच्चों को प्रशिक्षण देकर उनकी प्रतिभा और व्यक्तित्व विकास को नई दिशा देंगे।
शिविर के शुभारंभ अवसर पर क्लब अध्यक्ष मुकेश कुमार मीणा, संयोजक अनिता शर्मा, उपाध्यक्ष डॉ मोनिका शर्मा, कार्यकारिणी सदस्य, पत्रकार एवं उनके परिवारों सहित बड़ी संख्या में बच्चे और अभिभावक उपस्थित रहे।
आयोजकों के अनुसार 17 जून तक चलने वाले इस शिविर में बच्चों की रचनात्मक क्षमता, नेतृत्व कौशल और आत्मविश्वास को विकसित करने के उद्देश्य से विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।
पिंक सिटी प्रेस क्लब में बाल अभिरुचि शिविर का शुभारंभ, सांसद ने बढ़ाया बच्चों का उत्साह
Jun 7 2026 10:09AM
2 मिनट का रीड
112689
14





