-विशेष पूजा-अर्चना और जलाभिषेक की तैयारियां पूरी
धमतरी। सावन माह के पावन अवसर पर शहर सहित अंचल के शिवालयों में धार्मिक आस्था का उल्लास चरम पर है। मंदिरों को आकर्षक तोरण-पताकाओं और रंग-बिरंगी सजावट से सुसज्जित किया गया है तथा विशेष पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन और जलाभिषेक की तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है। सावन माह के दौरान शिवालयों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ेगी और पूरा वातावरण 'ॐ नमः शिवाय' के जयघोष से गुंजायमान रहेगा।
शहर के प्राचीन बूढ़ेश्वर महादेव मंदिर में इन दिनों विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए मंदिर परिसर के बाहर स्वागत पोस्टर भी लगाए गए हैं। बूढ़ेश्वर महादेव मंदिर के अलावा रुद्री स्थित रुद्रेश्वर महादेव मंदिर, सोरिद का शंकर मंदिर, रिसाईपारा का नागेश्वर मंदिर, बनियापारा वार्ड का महाकालेश्वर मंदिर, शिव चौक स्थित बटुकेश्वर महादेव मंदिर सहित अन्य शिवालयों में भजन-कीर्तन, रुद्राभिषेक और विशेष आरती का आयोजन होगा।
बोल बम कांवरिया संघ की ओर से भी सावन माह के दौरान विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। श्रद्धालु अलसुबह रुद्रेश्वर महादेव घाट में पूजा-अर्चना के बाद महानदी का पवित्र जल लेकर बूढ़ेश्वर महादेव मंदिर पहुंचेंगे और शिवलिंग का जलाभिषेक करेंगे। मंदिर परिसर में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ श्रद्धालुओं के लिए प्रसादी वितरण की भी व्यवस्था रहेगी। पंडित राजकुमार तिवारी ने बताया कि सावन माह में भगवान शिव की आराधना, व्रत और जलाभिषेक करने से मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं तथा सुख-समृद्धि और शांति की प्राप्ति होती है। सावन माह के शुभ अवसर पर मकेश्वर महादेव मंदिर सहित अन्य शिवालयों पूरे माह भर विविध धार्मिक कार्यक्रम होंगे।
मंदिरों में गूंजेगा 'ॐ नमः शिवाय' सावन माह को लेकर शिवालयों में सजी आस्था
Aug 2 2026 10:40AM
2 मिनट का रीड
108828
17





