BREAKING NEWS

कोट खालसा में दिनदहाड़े युवक की हत्या

कोट खालसा में दिनदहाड़े युवक की हत्या

अमृतसर। अमृतसर में देर रात कोट खालसा इलाके में अज्ञात हमलावरों ने एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा जांच शुरू कर दी।

मौके पर पहुंचे एडीसीपी विशालजीत सिंह ने बताया कि दो अज्ञात हमलावरों ने नितिन उर्फ नीली पर गोलियां चलाईं। गंभीर रूप से घायल हालत में उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने घटनास्थल से गोलियों के खोल और अन्य सबूत कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। जांच के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति की पहचान कर ली गई है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

पुलिस के अनुसार शुरुआती जांच में यह मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा लग रहा है। मृतक नितिन के खिलाफ पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज थे। बताया जा रहा है कि करीब आठ-नौ साल पहले भी वह एक गंभीर वारदात में शामिल रहा था और उसे जेल भी जाना पड़ा था। इस साल भी वह एक अन्य मामले में जेल गया था और कुछ दिन पहले ही जमानत पर बाहर आया था। इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि हमलावरों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद यह स्पष्ट होगा कि मृतक को कितनी गोलियां लगी थीं।

अधिकारियों का कहना है कि पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है और जल्द ही इस हत्या कांड का खुलासा कर आरोपियों को कानून के कठघरे में लाया जाएगा।

Subscribe Now