तेलंगाना में तीन अलग-अलग सड़क हादसे में सात लोगों की मौत

तेलंगाना में तीन अलग-अलग सड़क हादसे में सात लोगों की मौत
हैदराबाद। तेलंगाना में गुरुवार को तीन अलग-अलग सड़क हादसे में कम से कम सात लोगों की मौत हो गई। पहली घटना में, हैदराबाद के पास मेडचल मलकाजगिरी जिले में एक तेज रफ्तार कार डिवाइडर से टकरा गई और फिर सामने से आ रहे एक ट्रक से जा टकराई। 

इस हादसे में एक परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। यह दुर्घटना तुर्कपल्ली और मुरहरपल्ली के बीच हुई। बताया गया कि यह गाड़ी करीमनगर से हैदराबाद आ रही थी। चालक ने अपना नियंत्रण खो दिया और कार डिवाइडर से जा टकराई। इसके बाद कार पलटकर सड़क के दूसरी ओर लुढ़क गई और एक ट्रक से टकरा गई। एक अलग घटना में, तेलंगाना के जंगांव जिले में तीन लोगों की मौत हो गई। 

यह दुर्घटना हैदराबाद-वारंगल राष्ट्रीय राजमार्ग पर उस समय हुई जब एक लॉरी ने टायर पंक्चर होने के कारण सड़क पर खड़े मिनी ट्रक को टक्कर मार दी। पुलिस के अनुसार, यह दुर्घटना तब हुई जब ट्रक का चालक, एक सफाईकर्मी और एक अन्य व्यक्ति लिंगलघनपुर मंडल के नेल्लुतला के पास वाहन की मरम्मत कर रहे थे।

 हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान रोहित, राजेंद्र और मधु के रूप में हुई है। रोहित जंगांव मंडल के देवुरुप्पला मंडल में एक किराने की दुकान चलाता हैं और मधु यादद्री भुवनगिरी जिले की रहने वाली हैं। ये लोग हैदराबाद से मिनी ट्रक में अपनी दुकान के लिए किराने का सामान ला रहे थे।

 नेल्लुतला के पास पहुंचते ही मिनी ट्रक का टायर पंचर हो गया। तीनों पंचर ठीक करने के लिए नीचे उतरे, तभी पीछे से आ रही एक लॉरी ने उन्हें टक्कर मार दी। इस हादसे में मिनी-ट्रक चालक रोहित, मधु और सफाईकर्मी राजेंद्र की मौत हो गई। 

 एक अन्य दुर्घटना में, विकाराबाद जिले में एक लॉरी और बाइक की टक्कर में एक शख्स की मौत हो गई। यह हादसा परिगी मंडल के चिगुरलपल्ली के पास हुआ। मृतक की पहचान इसी जिले के मोमिंकलान निवासी जावेद पाशा (30) के रूप में हुई है।

Subscribe Now