राम मंदिर चंदा और वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों पर कांग्रेस ने की निष्पक्ष जांच और ट्रस्ट समिति भंग करने की मांग

राम मंदिर चंदा और वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों पर कांग्रेस ने की निष्पक्ष जांच और ट्रस्ट समिति भंग करने की मांग


भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भाेपाल स्थित मध्य प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में बुधवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में पूर्व मंत्री पी.सी. शर्मा और कांग्रेस प्रदेश सचिव एवं अभिनेता विक्रम मस्ताल ने राम मंदिर निर्माण के लिए जुटाए गए चंदे और वित्तीय लेन-देन में कथित अनियमितताओं को लेकर केंद्र सरकार और संबंधित ट्रस्ट पर गंभीर आरोप लगाए। कांग्रेस नेताओं ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने, वर्तमान ट्रस्ट समिति को भंग करने तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

विक्रम मस्ताल ने आरोप लगाया कि प्रभु श्रीराम के मंदिर निर्माण के नाम पर देश-विदेश से प्राप्त चंदे के उपयोग में व्यापक वित्तीय अनियमितताएं हुई हैं। उन्होंने कहा कि सरकार को इस पूरे मामले पर अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए।

कांग्रेस की ओर से मांग की गई कि वर्तमान ट्रस्ट समिति को तत्काल भंग किया जाए तथा पूरे मामले की निष्पक्ष जांच किसी स्वतंत्र और विश्वसनीय एजेंसी से कराई जाए। पार्टी ने वर्ष 2019 से 2025 के बीच अयोध्या और आसपास हुई भूमि खरीद की भी व्यापक जांच कराने की मांग उठाई।

पूर्व मंत्री पी.सी. शर्मा ने कहा कि राम मंदिर करोड़ों लोगों की आस्था का विषय है और उससे जुड़े प्रत्येक वित्तीय लेन-देन में पूर्ण पारदर्शिता होनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि मामले में अब तक केवल निचले स्तर के कर्मचारियों पर कार्रवाई हुई है, जबकि मुख्य जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। कांग्रेस नेताओं ने यह भी आरोप लगाया कि मामले की जांच प्रभावी ढंग से नहीं हो रही है और सरकार को निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करनी चाहिए। पार्टी ने दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई तथा पूरे प्रकरण की पारदर्शी जांच कराने की मांग दोहराई।

Subscribe Now