जबलपुर : जबलपुर के पनागर थाना क्षेत्र अंतर्गत गांधीग्राम स्थित एक ढाबे में शुक्रवार रात भोजन के भुगतान को लेकर विवाद हो गया। विवाद के बाद कुछ युवकों द्वारा ढाबा संचालक और कर्मचारियों के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में ढाबा संचालक सहित कई कर्मचारी घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शनिवार की दरमियानी रात कुछ युवक ढाबे पर भोजन करने पहुंचे थे। भोजन करने के बाद भुगतान को लेकर उनका ढाबा संचालक से विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर युवकों ने लाठी, डंडों और बेसबॉल बैट से संचालक एवं कर्मचारियों पर हमला कर दिया। घटना के दौरान ढाबे में मौजूद ग्राहकों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
बताया जा रहा है कि मारपीट और तोड़फोड़ की पूरी घटना ढाबे में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है। सूचना मिलने पर पनागर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस के अनुसार, शिकायत के आधार पर राज यादव, जीत रैकवार तथा उनके अन्य साथियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
थाना पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है तथा मामले की विस्तृत जांच जारी है।





