कोडरमा। कोडरमा घाटी में शनिवार की सुबह रिफाइन तेल लदा टैंकर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया।
हादसे के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने राहत-बचाव के बजाय टैंकर से बह रहे रिफाइन तेल को लूटना शुरू कर दिया। करीब आधे घंटे तक ग्रामीण प्लास्टिक के डिब्बे, बाल्टी, स्टील और एल्युमिनियम के बर्तन में तेल भरकर ले जाते रहे। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची तो तेल लूट रहे लोग वहां से भाग निकले।
हादसे में चालक केबिन में फंस गया था। मौके पर पहुंचे कुछ ग्रामीणों ने चालक को बाहर निकालकर उसकी जान बचाई। इसके बाद देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग टैंकर से बह रहे रिफाइन तेल को लूटने में जुट गए। ग्रामीण अपने घरों से प्लास्टिक के डिब्बे, बाल्टी और अन्य बर्तन लेकर पहुंचे और टैंकर से तेल भरकर ले जाने लगे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना की सूचना मिलने के बावजूद पुलिस के मौके पर पहुंचने में करीब आधे घंटे का समय लगा। इस दौरान तेल लूटने का सिलसिला जारी रहा। सड़क से गुजरने वाले राहगीर भी मौके पर रुककर ग्रामीणों की इस हरकत को देखते रहे। वहीं, घायल चालक की आंखों के सामने टैंकर से तेल और अन्य सामान ले जाया जाता रहा।
सूचना मिलने के करीब आधे घंटे बाद कोडरमा थाना की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही तेल ले जा रहे ग्रामीण वहां से फरार हो गए। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त टैंकर को अपने कब्जे में लेकर घटना की जांच शुरू कर दी है।





