रांची। मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए झारखंड पुलिस मुख्यालय ने राज्यभर में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है। पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने हेतु 10 हजार से अधिक पुलिस जवानों, 6 हजार से अधिक होमगार्ड जवानों तथा केंद्रीय अर्द्धसैनिक बलों (RAP/RAF सहित) की सात कंपनियों की तैनाती की जाएगी।
पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर सभी जिलों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की जाएगी। मोहर्रम जुलूसों और अखाड़ों की गतिविधियों की निगरानी ड्रोन तथा वीडियो कैमरों के माध्यम से की जाएगी।
इसके अलावा सोशल मीडिया पर भी विशेष नजर रखी जाएगी, ताकि किसी प्रकार की अफवाह या भ्रामक सूचना को समय रहते रोका जा सके। जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों को शांति समिति की बैठकें आयोजित कर आपसी भाईचारा और सौहार्द बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस मुख्यालय ने आम लोगों से भी शांति एवं सद्भाव बनाए रखने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल प्रशासन को देने की अपील की है। प्रशासन का कहना है कि मोहर्रम के दौरान सुरक्षा के सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं, ताकि पर्व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।





