घरेलू विवाद में पति ने की पत्नी की हत्या

घरेलू विवाद में पति ने की पत्नी की हत्या

गोड्डा , 6 जून (हि.स.)। गोड्डा जिले के राजाभीठा थाना क्षेत्र के अमरपुर गांव में घरेलू विवाद के बाद एक पति के अपनी पत्नी की कथित रूप से गला दबाकर हत्या करने का मामला सामने आया है। घटना गुरुवार देर रात की बताई जा रही है।

मृतका की पहचान होपनमय चौड़े के रूप में की गई है, जबकि आरोपित पति मनु हांसदा को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मनु हांसदा नशे का आदी बताया जा रहा है और अक्सर पत्नी के साथ मारपीट करता था।

बताया जाता है कि घटना की रात आरोपित नशे की हालत में घर पहुंचा और पत्नी के साथ विवाद करने लगा। इसी दौरान उसने कथित रूप से धोती से गला दबाकर पत्नी की हत्या कर दी। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी पुलिस को दी।

सूचना मिलने पर गोड्डा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी आकाश भारद्वाज और राजाभीठा थाना प्रभारी योगेश यादव दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। घटना में प्रयुक्त धोती को भी बरामद कर लिया गया है।

पुलिस के अनुसार, मृतका अपने पीछे दो बच्चों को छोड़ गई है। स्थानीय लोगों ने बताया कि पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। वहीं, आरोपित पति ने हत्या के आरोप से इनकार करते हुए दावा किया है कि उसकी पत्नी ने प्रताड़ना से तंग आकर खुदकुशी की होगी।

थाना प्रभारी योगेश यादव ने बताया कि मामले की जांच सभी पहलुओं से की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Subscribe Now