ब्याज के साथ पैसे मांगने पर पारा शिक्षक की हत्या, आरोपित गिरफ्तार

ब्याज के साथ पैसे मांगने पर पारा शिक्षक की हत्या, आरोपित गिरफ्तार
पलामू। जिले के छत्तरपुर थाना क्षेत्र के चिल्हो खुर्द के पारा शिक्षक उदय सिंह की हत्या उसके साथी पारा शिक्षक सुरेन्द्र यादव ने की थी। हत्या से पहले साथ में बैठाकर बियर पिलाया था। फिर मौका देखकर झोले से फरसा निकाल कर गर्दन पर वार कर दिया था। उदय हत्याकांड का पुलिस ने शनिवार को उद्भेदन किया। आरोपित को गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार आरोपित सुरेन्द्र यादव छतरपुर नाग बाबा का रहने वाला है। सुरेन्द्र भी पारा शिक्षक है और पैतृक गांव तारूदाग डिंडी में कार्यरत है। उसे शनिवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

उसने पुलिस पूछताछ में बताया है कि दोनों के बीच 25 हजार के बदले 50 हजार रुपये मांगने का विवाद था। दरअसल छह माह पहले सुरेन्द्र ने उदय से 25 हजार रूपये लिए थे। उदय उसका ब्याज जोड़कर 50 हजार रूपये मांग रहा था। पुलिस जांच में सामने आया कि एक सप्ताह पहले इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी, धक्का-मुक्की और गाली-गलौज हुई थी। इससे नाराज होकर सुरेंद्र यादव ने उदय सिंह की हत्या की साजिश रची।

एसडीपीओ प्रशांत कुमार के अनुसार, गुरूवार घटना की रात दोनों ने साथ बैठकर बीयर पी। इसके बाद सुरेंद्र यादव, उदय सिंह को एक सुनसान स्थान पर ले गया और झोले में ले गए धारदार हथियार फरसा से हमला कर उसकी हत्या कर दी।

मृतक की पत्नी के आवेदन पर छत्तरपुर थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। एसडीपीओ प्रशांत कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने सुरेंद्र यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने हत्या का खुलासा किया।

आरोपित की निशानदेही पर पुलिस ने मृतक का मोबाइल फोन, घटना के समय पहने गए कपड़े और हत्या में प्रयुक्त अपाचे बाइक बरामद की है।

मौके पर छतरपुर के थाना प्रभारी सौरभ चौबे और अवर निरीक्षक राहुल कुमार मौजूद थे।

Subscribe Now