पश्चिमी सिंहभूम। पश्चिमी सिंहभूम जिले में सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन करने वालों के खिलाफ पुलिस ने व्यापक अभियान चलाते हुए सख्त कार्रवाई की है। जिला पुलिस अधीक्षक अमित रेणु के निर्देश पर मंगलवार रात सदर और मुफस्सिल थाना क्षेत्र में एक साथ विशेष छापेमारी अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व सदर थाना प्रभारी हरिलाल महतो और मुफस्सिल थाना प्रभारी विनोद कुमार ने किया।
पुलिस टीम ने शहर के विभिन्न संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पहुंचकर खुलेआम शराब पीने वालों के खिलाफ कार्रवाई की। बस स्टैंड, मंगलहाट, मधु बाजार, जेवियर नगर, एसपीजी मिशन कंपाउंड, मुगलसराय, गुटुसाईं तथा खप्पारसाई सहित कई क्षेत्रों में एक साथ छापेमारी की गई। पुलिस की मौजूदगी देखते ही कई लोग मौके पर शराब छोड़कर भाग निकले, जबकि कई लोगों को हिरासत में लेने में पुलिस सफल रही।
अभियान के दौरान पुलिस ने मधु बाजार सहित विभिन्न स्थानों से कुल 14 लोगों को हिरासत में लिया। सभी को संबंधित थानों में लाकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन करना कानून का उल्लंघन है और इससे सामाजिक व्यवस्था प्रभावित होती है।
बुधवार को सदर थाना प्रभारी हरिलाल महतो ने बताया कि जिले में नशाखोरी पर नियंत्रण और सार्वजनिक स्थानों की मर्यादा बनाए रखने के उद्देश्य से यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने आम नागरिकों से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सार्वजनिक स्थलों पर शराब सेवन से बचें और कानून का सम्मान करें।
मुफस्सिल थाना प्रभारी विनोद कुमार ने कहा कि पुलिस की प्राथमिकता शहर में शांति, सुरक्षा और बेहतर कानून-व्यवस्था बनाए रखना है। नशे की वजह से होने वाले अपराधों और सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए ऐसे अभियान नियमित रूप से चलाए जाएंगे। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद खुलेआम शराब पीने वालों में हड़कंप का माहौल देखा गया।
सार्वजनिक स्थलों पर शराब पीने वाले 14 लोग हिरासत में
Jun 17 2026 9:44AM
2 मिनट का रीड
482742
28





