यमुनानगर पुलिस के एंटी नारकोटिक सेल ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिला को 71 ग्राम हेरोइन सहित गिरफ्तार किया है। बरामद नशीले पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब ढाई लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
एंटी नारकोटिक सेल प्रभारी अनिल कुमार ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार जिले में नशा तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान टीम को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि रायपुर कॉलोनी निवासी एक महिला अपने घर के बाहर बैठकर नशीले पदार्थों की बिक्री करती है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान ड्यूटी मजिस्ट्रेट ईटीओ कन्हैया कौशल की मौजूदगी में महिला की तलाशी ली गई, जिसमें उसके कब्जे से 71 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।
पुलिस के अनुसार आरोपी महिला काफी समय से अवैध नशा कारोबार से जुड़ी हुई थी। जांच में यह भी सामने आया है कि उसके परिवार का एक अन्य सदस्य भी पूर्व में नशा तस्करी के मामले में गिरफ्तार किया जा चुका है तथा उसके खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने बरामद हेरोइन को कब्जे में लेकर आरोपी महिला के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
यमुनानगर पुलिस ने महिला नशा तस्कर को हेरोइन के साथ किया गिरफ्तार
May 18 2026 10:56AM
2 मिनट का रीड
127646
16





