हरियाणा महिला आयोग की अध्यक्ष ने इस मामले में पानीपत पुलिस से रिपोर्ट तलब कर ली है। बेटी के साथ हुई घिनौनी वारदात का पता चलने के बाद पिता ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी मां-बेटे के खिलाफ पॉक्सो एक्ट में मामला दर्ज कर लिया।
दूसरी ओर जैसे ही केस दर्ज होने का पता दोनों आरोपियों को लगा तो वे घर से फरार हो गए। पुलिस दोनों आरोपी मां-बेटे की तलाश में जुट गई है। तहसील कैंप क्षेत्र की एक कॉलोनी निवासी पीड़ित पिता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी पहली शादी साल 2006-07 के आसपास हुई थी। उनके तीन बच्चे हुए।
सबसे बड़ा बेटा जो अब 14 साल का,मंझला बेटा 13 साल का और सबसे छोटी बेटी 12 साल की है। आपसी अनबन के कारण करीब 10 साल पहले पहली पत्नी से तलाक हो गया। साल 2019 में पड़ोस में रहने वाली एक तलाकशुदा महिला से कोर्ट मैरिज कर ली थी। व्यक्ति ने बताया कि उसकी दूसरी पत्नी पहली शादी से हुआ 14 साल का बेटा राजू भी साथ लाई थी। दूसरी पत्नी से एक बेटी भी हुई, जो अब छह साल की है।
12 साल की उसकी मासूम बेटी भी हर साल राजू को राखी बांधती थी। तीन दिन पहले जब वह टूर से लौटा, तो 12 साल की बिलखती बेटी की बात सुनकर उसके होश उड़ गए। बच्ची ने खुलासा किया कि सौतेली मां उसे बात-बात पर डंडों से पीटती है, घर का काम करवाती है। स्कूल भी नहीं जाने देती।
नग्न करके सौतेले भाई राजू के साथ कमरे में बंद कर देती थी। राजू उससे दुष्कर्म करता था। विरोध करने पर सौतेली मां बच्ची को जान से मारने की धमकी देती थी। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पीड़ित पिता की शिकायत पर सौतेली मां और उसके 18 वर्षीय बेटे राजू के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और दुष्कर्म की संगीन धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
उधर, जैसे ही आरोपी महिला को भनक लगी कि पुलिस में शिकायत दर्ज हो चुकी तो वह तुरंत अपने आरोपी बेटे राजू और अपनी छह साल की बेटी को साथ लेकर फरार हो गई है। अब पुलिस दोनों की तलाश में जगह जगह छापेमारी कर रही है। इस बीच महिला आयोग की अध्यक्ष उषा प्रियदर्शी ने एक वीडियो जारी करके घटना की निंदा करते हुए पानीपत पुलिस से मामले में रिपोर्ट तलब की है।





