सुल्तानपुर रोड पर देर रात हुआ दर्दनाक हादसा
गुरुग्राम। सड़क पर नशे की हालत में घूम रहे एक युवक की रविवार देर रात सड़क हादसे में मौत हो गई। मृतक की पहचान गोविंद के रूप में हुई है।वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश का रहने वाला था। फिलहाल वह गांव सुल्तानपुर में किराए के मकान में रहकर फास्ट फूड की रेहड़ी लगाकर अपना गुजारा करता था। जानकारी के अनुसार गोविंद को शराब पीने की लत थी। रविवार रात उसने काफी मात्रा में शराब पी रखी थी और नशे की हालत में सुल्तानपुर रोड पर घूम रहा था। इसी दौरान सुल्तानपुर के पास किसी तेज रफ्तार वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी जिससे उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सेक्टर-10 स्थित स्वास्थ्य केंद्र में रखवा दिया। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हादसे को अंजाम देने वाले वाहन की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सुल्तानपुर रोड पर तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही लगातार बनी रहती है, जिसके कारण यहां हादसों का खतरा हमेशा बना रहता है। लोगों ने प्रशासन से इस मार्ग पर यातायात नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
गुरुग्राम: नशे की हालत में सड़क पर घूम रहे युवक की वाहन की टक्कर से मौत
May 18 2026 10:53AM
2 मिनट का रीड
127647
15





