1200 तैराकों के साथ सिरसा में शुरू हुआ भव्य स्विमिंग चैंपियनशिप

1200 तैराकों के साथ सिरसा में शुरू हुआ भव्य स्विमिंग चैंपियनशिप


सिरसा। सिरसा के डेरा सच्चा सौदा के एमएसजी भारतीय खेल गांव में शनिवार काे चार दिवसीय सीबीएसई नॉर्थ जोन-2 बालक वर्ग स्विमिंग चैंपियनशिप शुरू हुई। इस प्रतियोगिता में उत्तर भारत के 356 से अधिक सीबीएसई स्कूलों के करीब 1200 तैराक हिस्सा ले रहे हैं।

चैंपियनशिप के पहले दिन अंडर-19 वर्ग की 1500 मीटर फ्री स्टाइल स्पर्धा आकर्षण का केंद्र रही। फरीदाबाद के दर्श सिंह ने 18 मिनट 53 सेकंड 25 मिलीसेकंड का समय निकालते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। पंजाब के पठानकोट के विनायका महाजन ने 18 मिनट 53 सेकंड 59 मिलीसेकंड के साथ दूसरा स्थान हासिल किया। झज्जर के दिव्यांश कादियान तीसरे, पानीपत के अरमान राठी चौथे तथा लुधियाना के आर्यन मिश्रा पांचवें स्थान पर रहे।

प्रतियोगिता का शुभारंभ स्विमिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया एवं हरियाणा ओलंपिक एसोसिएशन के उपाध्यक्ष तथा हरियाणा स्विमिंग एसोसिएशन के महासचिव अनिल खत्री ने किया। अनिल खत्री ने कहा कि आमतौर पर नॉर्थ जोन प्रतियोगिताओं में इलेक्ट्रॉनिक टच पैड्स जैसी सुविधाएं देखने को नहीं मिलतीं, लेकिन यहां यह व्यवस्था खिलाडिय़ों को निष्पक्ष और सटीक परिणाम देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा कि 50 और 100 मीटर जैसी स्पर्धाओं में विजेता का फैसला कई बार मिलीसेकंड के अंतर से होता है। ऐसे में इलेक्ट्रॉनिक टाइमिंग सिस्टम खिलाडिय़ों और अभिभावकों दोनों का विश्वास बढ़ाता है।

शाह सतनाम जी शिक्षण संस्थानों के प्रशासक चरणजीत सिंह एवं स्पोट्र्स हेड कोच डॉ. नवजीत भुल्लर ने बताया कि प्रतियोगिता में अंडर-11, अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग की विभिन्न स्पधार्ओं के मुकाबले आयोजित किए जा रहे हैं। प्रतियोगिता के सभी मुकाबले अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप इलेक्ट्रॉनिक टाइमिंग सिस्टम (टच पैड्स) की मदद से कराए जा रहे हैं, जिससे परिणाम पूरी तरह सटीक और पारदर्शी रहेंगे।

Subscribe Now