फरीदाबाद। सेक्टर-11 स्थित खातिर ग्रैंड बैंक्वेट हॉल में बुधवार देर रात अचानक आग लगने से अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में बैंक्वेट हॉल का बड़ा हिस्सा उसकी चपेट में आ गया। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गईं। फायर ब्रिगेड की चार गाडिय़ों ने करीब तीन घंटे की कड़ी मेहनत के बाद आग पर काबू पाया।
इस घटना में किसी के घायल होने या जान जाने की सूचना नहीं है, लेकिन बैंक्वेट हॉल के अंदर रखा काफी सामान जलकर नष्ट हो गया। आग सबसे पहले बैंक्वेट हॉल के अंदर लगे पर्दों के पास लगी थी। माना जा रहा है कि बिजली के तारों में हुए शॉर्ट सर्किट के कारण पर्दों में आग लगी और धीरे-धीरे आग पूरे हॉल में फैल गई। आग की लपटें उठती देख बैंक्वेट हॉल के अंदर मौजूद कर्मचारी तुरंत बाहर आ गए और उन्होंने घटना की जानकारी हॉल मालिक तथा फायर ब्रिगेड को दी।
इसके बाद कर्मचारियों ने अंदर रखे सोफा, कुर्सियां और अन्य सामान को बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन आग तेजी से फैलने के कारण काफी सामान को नहीं बचाया जा सका। प्रत्यक्षदर्शी पंकज ने बताया कि वह रात के समय वहां से गुजर रहे थे। तभी उन्हें दूर से तेज रोशनी दिखाई दी। जब वह मौके पर पहुंचे तो देखा कि बैंक्वेट हॉल के अंदर आग काफी फैल चुकी थी।
कर्मचारी सामान को बाहर निकालने में लगे हुए थे और आसपास के लोग भी वहां एकत्र हो गए थे। उन्होंने बताया कि कुछ ही मिनटों में आग ने पूरे हॉल को अपनी चपेट में ले लिया था और अंदर से धुआं और आग की तेज लपटें निकल रही थी। थाना प्रभारी राजवीर सिंह ने बताया कि पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमों ने मिलकर आग बुझाने का काम शुरू किया। फायर ब्रिगेड की 5 गाडिय़ों ने लगातार करीब तीन घंटे तक प्रयास किया, जिसके बाद आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया गया।





