फतेहाबाद पुलिस ने फ्रीज की तीन नशा तस्करों की लाखों की अवैध संपत्ति

फतेहाबाद पुलिस ने फ्रीज की तीन नशा तस्करों की लाखों की अवैध संपत्ति
फतेहाबाद,। नशा तस्करों के खिलाफ फतेहाबाद पुलिस का शिकंजा अब बेहद सख्त हो गया है। पुलिस ने डबल एक्शन रणनीति के तहत तीन कुख्यात और आदतन नशा तस्करों की करीब 62 लाख 20 हजार रुपये मूल्य की चल-अचल संपत्तियों को फ्रीज कर दिया है, जिनका वर्तमान बाजार मूल्य करीब 80 लाख रुपये आंका गया है। इस मुहिम के तहत पुलिस अब तक 33 नशा तस्करों की करोड़ों रुपये की संपत्तियां फ्रीज कर चुकी है।

शुक्रवार को आयोजित एक प्रेस वार्ता में एएसपी दिव्यांशी सिंगला ने बताया कि जिले में नशा तस्करी के खिलाफ चलाया जा रहा अभियान अब अपराधियों के आर्थिक नेटवर्क को ध्वस्त करने पर केंद्रित हो गया है। पुलिस ने हाल ही में पकड़े गए तीन बड़े तस्करों की वित्तीय प्रोफाइलिंग की, जिसके बाद सफेमा नई दिल्ली से अनुमति लेकर एनडीपीएस एक्ट की धारा 68-एफ(1) के तहत उनकी संपत्तियों को फ्रीज करने की बड़ी कामयाबी हासिल की। अब इन संपत्तियों को न तो बेचा जा सकता है और न ही किसी के नाम ट्रांसफर किया जा सकता है। एएसपी ने बताया कि पहला मामला भूना थाने का है, जहां साल 2026 में एनडीपीएस एक्ट के तहत पकड़े गए आदतन तस्कर आकाश के पास आय से अधिक संपत्ति के पुख्ता प्रमाण मिले।

 पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसके करीब 60 लाख रुपये के आवासीय मकान को फ्रीज कर दिया है। आरोपी के खिलाफ 2019, 2021 और 2022 में भी नशा तस्करी के केस दर्ज हैं। दूसरे मामले में शहर थाना फतेहाबाद की बस अड्डा चौकी पुलिस द्वारा दबोचे गए तस्कर दीपक कुमार की करीब डेढ़ लाख रुपये मूल्य की मारुति सुजुकी रिट्ज कार को कब्जे में लिया गया है। दीपक साल 2018 से हेरोइन तस्करी में सक्रिय है और उसके खिलाफ कई मामले दर्ज हैं। 

तीसरे मामले में हुडा चौकी पुलिस द्वारा गिरफ्तार अतुल की करीब 70 हजार रुपये की टीवीएस राइडर बाइक को फ्रीज किया गया है। आरोपी आशू के खिलाफ 2018, 2022 और 2026 में तस्करी के मुकदमे दर्ज हो चुके हैं। एएसपी दिव्यांशी सिंगला ने कहा कि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ कर अवैध साम्राज्य खड़ा करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने आम जनता से भी अपील की है कि वे नशा तस्करों की सूचनाएं पुलिस के साथ साझा करें, सूचना देने वालों का नाम पूरी तरह गुप्त रखा जाएगा।

Subscribe Now