फतेहाबाद। नशा तस्करी के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति पर पुलिस ने शुक्रवार काे टोहाना की गुप्ता कॉलोनी निवासी संजय कुमार की करीब 50 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति फ्रीज करवाने में सफलता हासिल की है। एसपी निकिता खट्टर के दिशा-निर्देशन में की गई इस कार्रवाई के तहत आरोपी का गुप्ता कॉलोनी स्थित करीब 45 लाख रुपये मूल्य का रिहायशी मकान और लगभग 5 लाख रुपये कीमत की कार को एनडीपीएस एक्ट के तहत फ्रीज किया गया है।
एसपी निकिता खट्टर ने बताया कि नशा तस्करों के आर्थिक नेटवर्क को ध्वस्त किए बिना इस अवैध व्यापार पर स्थायी अंकुश लगाना संभव नहीं है। इसी उद्देश्य से तस्करों की संपत्तियों, बैंक खातों और आय के स्रोतों की गहन जांच की जा रही है। एसपी ने बताया कि 31 मई 2026 को सीआईए टोहाना प्रभारी उपनिरीक्षक अजय कुमार की टीम ने आरोपी संजय कुमार को 6.88 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया था, जिस पर थाना शहर टोहाना में मामला दर्ज है। जांच के दौरान सीआईए टोहाना व प्रॉपर्टी अटैचमेंट सेल फतेहाबाद ने आरोपी की संपत्तियों की पड़ताल की।
जांच रिपोर्ट के आधार पर 17 जुलाई 2026 को संपत्ति फ्रीज करने का आदेश जारी किया गया था, जिसे सक्षम प्राधिकारी सेफमा नई दिल्ली द्वारा 17 अगस्त को आधिकारिक मंजूरी दे दी गई है। फ्रीजिंग आदेश लागू होने के बाद अब इस 50 लाख रुपये की संपत्ति को सक्षम प्राधिकारी की अनुमति के बिना बेचा, किसी अन्य के नाम ट्रांसफर या हस्तांतरित नहीं किया जा सकेगा।





