फतेहाबाद में पकड़ा गया कुरुक्षेत्र का हथियार तस्कर,दो मैगजीन व अवैध पिस्टल बरामद

फतेहाबाद में पकड़ा गया कुरुक्षेत्र का हथियार तस्कर,दो मैगजीन व अवैध पिस्टल बरामद
फतेहाबाद। जिले में बेखौफ घूम रहे अवैध हथियार तस्करों और अपराधियों के खिलाफ सीआईए फतेहाबाद पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने नए बस अड्डा क्षेत्र में घेराबंदी करते हुए कुरुक्षेत्र के एक युवक को अवैध असलाह के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी के पास से एक अवैध 32 बोर की पिस्टल, दो जिंदा मैगजीन और कारतूस बरामद हुए हैं। पुलिस अब इस बात की कड़ाई से तफ्तीश कर रही है कि क्या आरोपी शहर में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में था।

मिली जानकारी के अनुसार सीआईए प्रभारी उपनिरीक्षक वेदपाल के नेतृत्व में पुलिस टीम फतेहाबाद-बड़ोपल रोड पर गश्त और संदिग्धों की चेकिंग में जुटी थी। इसी दौरान बस अड्डे के सामने एक युवक संदिग्ध हालत में घूमता नजर आया। जैसे ही उसकी नजर पुलिस की सरकारी गाड़ी पर पड़ी, उसके चेहरे की हवाइयां उड़ गई। युवक हड़बड़ाहट में पीछे मुड़ा और खेतों की तरफ भागने का प्रयास करने लगा। लेकिन सीआईए के मुस्तैद जवानों ने घेराबंदी की और उसे मौके पर ही दबोच लिया। 

जब पुलिस ने नियमानुसार आरोपी की तलाशी ली, तो उसके पास से एक अवैध 32 बोर की पिस्टल, दो मैगजीन और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी की पहचान राहुल पुत्र महेंद्र सिंह, निवासी गांव बारना, जिला कुरुक्षेत्र के रूप में हुई है। पुलिस ने हथियार को अपने कब्जे में ले लिया। इस मामले में थाना शहर फतेहाबाद में आरोपी के खिलाफ आम्र्स एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।

 सीआईए प्रभारी ने बताया कि पुलिस अब इस गुत्थी को सुलझाने में जुटी हैं कि कुरुक्षेत्र का यह युवक फतेहाबाद में हथियार लेकर क्यों घूम रहा था। यह अवैध हथियार उसने किस सप्लायर से खरीदे और इसके पीछे किसी बड़े अंतरराज्यीय गैंग का हाथ है या नहीं, इन सभी पहलुओं पर गहनता से तफ्तीश की जा रही है। पुलिस को अंदेशा है कि इस गिरफ्तारी से हथियारों की तस्करी से जुड़े कई और बड़े चेहरों बेनकाब हो सकते हैं।

Subscribe Now