BREAKING NEWS

logo

भारत को विश्व गुरु बनाने के लिए नरेन्द्र मोदी को तीसरी बार पीएम बनाना है: फणीन्द्रनाथ शर्मा


भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा ने रतिया व टोहाना में ली कार्यकर्ताओं की बैठक

फतेहाबाद । लोकसभा चुनाव को लेकर भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा ने शनिवार को टोहाना व रतिया विधानसभा में कार्यकर्ताओं की बैठक की। टोहाना विधानसभा में आयोजित बैठक में विशेष रूप से राज्यसभा सांसद सुभाष बराला तथा रतिया विधानसभा की बैठक में विशेष रूप से रतिया के विधायक लक्ष्मण नापा मौजूद रहे।

इस अवसर पर जिला प्रभारी सुरेन्द्र आर्य व एससी आयोग के चेयरमैन प्रो. रविन्द्र बलियाला, जिला महामंत्री अशोक जाखड़, रिंकू मान के अलावा दोनों विधानसभाओं के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य, जिला पदाधिकारी, मंडल प्रभारी व मंडल अध्यक्ष सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे। बैठकों की अध्यक्षता भाजपा के जिलाध्यक्ष स. बलदेव सिंह ग्रोहा ने की। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए फणीन्द्रनाथ शर्मा ने कहा कि लोकसभा चुनाव में अपनी काबिलियत दिखाते हुए जी जान से मेहनत करें। हमें मिशन 2024 की सफलता के लिए सिरसा लोकसभा सहित प्रदेश की सभी 10 सीटों पर भाजपा का कमल खिलाना है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए हम सभी को अपना पूरा योगदान देना होगा। लोकसभा चुनाव में 400 से अधिक सीटें एनडीए की झोली में डालकर नरेन्द्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाना है।

फणीन्द्रनाथ शर्मा ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि भाजपा की नीति ‘बूथ जीता, चुनाव जीता’ इसी नारे और नीति को सार्थक करने के लिए अपने अपने बूथों की मजबूती सुनिश्चित करें। मतदान के लिए अधिक से अधिक लोगों को जागरूक कर मतदान करवाएं। हर बूथ पर मतदान का प्रतिशत बढ़ाना हमारा उद्देश्य होना चाहिए। लोगों को भाजपा सरकार की 10 साल की उपलब्धियों, योजनाओं, कल्याणकारी नीतियों के बारे में बताएं तथा पार्टी के पक्ष में मतदान करवाने में जी तोड़ मेहनत करें।

विकसित भारत बनाने के इस अभियान में हर कार्यकर्ता का यही योगदान होगा। उन्होंने कहा कि पीएम नरेन्द्र मोदी ने अपने 10 साल के कार्यकाल में भारत देश को पूरे विश्व में अनोखी पहचान दी है। भारत को एक सशक्त एवं आत्मनिर्भर देश बनाया है। युवाओं के लिए नौकरियां व स्वरोजगार के अवसर दिए। देश की मजबूती का ढांचा तैयार किया। आज विश्व के शक्तिशाली कहलाने वाले देश भी भारत देश को उम्मीद की दृष्टि से देखते हैं। भारत देश को विश्व गुरु बनाने की सोच के साथ हम सभी को पीएम नरेन्द्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाना है।

Subscribe Now