जींद। गांव ईंटल खुर्द से दस हजार रुपये की नगदी व दस तोले सोने के जेवरात के साथ गायब हुए नाबालिग भाई व बहन हिसार से सोमवार को सुरक्षित बरामद हो गए हैं। दोनों बच्चों के सुरक्षित मिलने से पुलिस तथा परिजनों ने राहत की सांस ली है।
गांव ईंटल खुर्द निवासी प्रताप ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि रविवार को वह तथा उसकी पत्नी कार्यवश बाहर गए हुए थे। घर में उसका 14 वर्षीय बेटा तथा सात वर्षीय बेटी थी।
वापस लौटने पर दोनों घर नहीं मिले। जब उन्होंने घर को संभाला तो दस हजार रुपये की नगदी, दस तोले सोने के जेवरात, इलैक्ट्रिक स्कूटी गायब थी। तलाशने पर सुराग न मिलने पर पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। सदर थाना पुलिस ने जांच को आगे बढाया, तो सीसी टीवी कैमरों में दोनों बच्चे स्कूटी पर पटियाला चौक से शहर की तरफ जाते दिखाई दिए। अगली कड़ी नए बस अड्डे से जुड़ गई। जहां स्कूटी बरामद हो गई और बच्चे बस में चढ़ते दिखाई दिए।
परिजन तथा पुलिस दोनों बच्चों को तलाशते रहे। सोमवार को पुलिस को सूचना मिली कि दोनों बच्चे हिसार पुलिस के पास सुरक्षित हैं। जिस पर पुलिस तथा परिजनों ने राहत की सांस ली। जिसके बाद दोनों बच्चों को परिजनो को सौंप दिया गया। सदर थाना के जांच अधिकारी राजबीर ने बताया कि दोनों बच्चे हिसार में सुरक्षित मिल गए हैं। पहले उनका परिवार हिसार में रहता था। एक साल से गांव ईंटल खुर्द आए थे। जिसके चलते दोनों बच्चे हिसार पहुंच गए थे। आसपास जिलों को दोनों बच्चों की सूचना दे दी गई थी।
जींद : नकदी व जेवराें के साथ गायब भाई-बहन हिसार से बरामद
Jun 15 2026 10:51AM
2 मिनट का रीड
136525
13





