नई दिल्ली। दिल्ली के शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने रविवार को जनकपुरी में आयोजित साइकिलिंग अभियान "पैडल द बीट-संडे ऑन साइकिल" में साइकिल रैली का नेतृत्व किया। फिटनेस, स्वास्थ्य जागरूकता और पर्यावरण संरक्षण को समर्पित इस कार्यक्रम में समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
साइकिल रैली की शुरुआत एसकेवी, ए-ब्लॉक, जनकपुरी से हुई और यह सीएम श्री स्कूल, सी-4ई, जनकपुरी (गेट नं. 3) तक पहुंची। पूरे साइकिल मार्ग में प्रतिभागियों का उत्साह देखते ही बनता था। बच्चों, युवाओं, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों और फिटनेस प्रेमियों ने बड़ी संख्या में शामिल होकर स्वस्थ और सक्रिय जीवन शैली का संदेश दिया।
इस अवसर पर शिक्षा मंत्री ने कहा कि साइकिलिंग केवल खेल या व्यायाम नहीं है बल्कि स्वस्थ जीवन, स्वच्छ पर्यावरण और जिम्मेदार नागरिकता की पहचान है।आज के समय में जब सब लोग मोटापे और बीमारियों का शिकार हो रहे हैं, ऐसे में उनको स्वास्थ्य के प्रति सचेत रहना आवश्यक है। इस कार्यक्रम का उद्देश्य जनकपुरी के लोगों को साइकिल को पर्यावरण-अनुकूल एवं टिकाऊ परिवहन माध्यम के रूप में अपनाने के लिए प्रेरित करना तथा फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों, सामाजिक संगठनों, युवा समूहों और फिटनेस समुदायों ने भाग लिया। सभी प्रतिभागियों ने नियमित रूप से साइकिलिंग और शारीरिक गतिविधियों को अपनाने का संकल्प लिया तथा स्वस्थ, हरित और सक्रिय दिल्ली के निर्माण में योगदान देने का संदेश दिया।
‘पैडल द बीट-संडे ऑन साइकिल’ अभियान का शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने किया नेतृत्व
Jun 7 2026 9:51AM
2 मिनट का रीड
178264
16





