नोएडा। दिल्ली-एनसीआर में इस समय भीषण गर्मी और उमस ने लोगों का जीना दूभर कर रखा है। लगातार 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक तापमान और गर्म हवाओं के कारण दिन के समय बाहर निकलना चुनौतीपूर्ण बना हुआ है। हालांकि, मौसम विभाग (आईएमडी) के ताजा पूर्वानुमान ने लोगों को राहत की उम्मीद दी है।
इन दो दिनों के दौरान तेज धूप और उमस लोगों को परेशान करेगी। हालांकि, आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहने के साथ शाम या रात के समय कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी, धूल भरी आंधी और तेज हवाएं चल सकती हैं। इससे तापमान में मामूली गिरावट महसूस हो सकती है, लेकिन व्यापक राहत मिलने की संभावना कम है।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 1 जुलाई यानी बुधवार से मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।
इस दिन से दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश शुरू होने का अनुमान है। कई स्थानों पर तेज हवाओं के साथ बारिश होने की भी संभावना जताई गई है।
बारिश का यह दौर गर्मी और उमस से राहत दिलाएगा तथा अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है। इसके बाद दिन का तापमान 35 से 37 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है, जिससे मौसम पहले की तुलना में काफी सुहावना हो जाएगा। मानसून को लेकर भी अच्छी खबर सामने आई है।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, अगले 5 से 6 दिनों के भीतर दक्षिण-पश्चिम मानसून के दिल्ली-एनसीआर में पूरी तरह सक्रिय होने की संभावना है।
यदि मौजूदा परिस्थितियां अनुकूल बनी रहती हैं तो मानसून जल्द ही पूरे क्षेत्र को कवर कर लेगा। इसके बाद रुक-रुक कर बारिश का दौर जारी रह सकता है, जिससे भीषण गर्मी से लोगों को राहत मिलेगी और वातावरण में ठंडक बढ़ेगी।





