रायगढ़। नगर निगम रायगढ़ ने शहर में स्वच्छता एवं सार्वजनिक सुरक्षा नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की है। जांच के दौरान आज शनिवार को कान्हा हॉस्पिटल द्वारा मेडिकल वेस्ट को निर्धारित नियमों के अनुसार न निपटाकर विभिन्न स्थानों पर खुले में फेंके जाने का मामला सामने आया।
निगम की टीम द्वारा मौके पर जांच की गई, जिसमें आरोप सही पाए गए। इस पर अस्पताल प्रबंधन पर 25 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। निगम ने स्पष्ट किया कि खुले में मेडिकल वेस्ट फेंकना संक्रमण फैलने और जनस्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा उत्पन्न करता है।
सड़क पर बाधा डालने वालों पर भी कार्रवाई
इसी अभियान के तहत शहर में सार्वजनिक मार्गों पर बाधा उत्पन्न करने वालों पर भी कार्रवाई की गई।
सावित्री नगर रोड पर शंकर टिंबर (टाल मिल) द्वारा सड़क पर लकड़ियां रखकर आवागमन बाधित किया गया, जिस पर संचालक पर 5 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।
वहीं रेलवे स्टेशन रोड स्थित दिलबहार होटल द्वारा सड़क पर गिट्टी, बालू और निर्माण सामग्री फैलाकर रास्ता अवरुद्ध किया गया, जिससे आम नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। इस पर होटल संचालक पर 2 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।
नगर निगम की सख्त चेतावनी
नगर निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय ने सभी व्यवसायियों, अस्पताल संचालकों और संस्थानों से अपील की है कि वे शहर की स्वच्छता एवं व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।
उन्होंने कहा कि मेडिकल वेस्ट, निर्माण सामग्री या किसी भी प्रकार का कचरा सार्वजनिक स्थानों पर न डाला जाए तथा सड़क पर अवरोध उत्पन्न करने से बचा जाए। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
रायगढ़ में स्वच्छता नियमों के उल्लंघन पर निगम की सख्त कार्रवाई: हॉस्पिटल समेत होटल और टाल मिल पर लगा जुर्माना
May 23 2026 11:18AM
2 मिनट का रीड
121607
15





