logo

मुरादाबाद मुठभेड़ में लूटकांड का आरोपित गिरफ्तार


मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में मझोला थाना पुलिस ने गुरुवार देर रात सोनकपुर पुल के पास मुठभेड़ में एक लुटेरे को गिरफ्तार किया है।

आरोपित तीन दिन पहले 6 अक्टूबर को थाना क्षेत्र में महिला से कुंडल लूट मामले में फरार चल रहा था। वह पुलिस की गोली से घायल है जिसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस अधीक्षक (नगर) कुमार रणविजय सिंह ने शुक्रवार को बताया कि सोमवार दोपहर करीब एक बजे मझोला क्षेत्र के प्रकाश नगर चौराहे पर मानसरोवर कॉलोनी निवासी प्रेमवती से कुंडल लूट लिया था। उसी रात हर्बल पार्क के पास पुलिस ने मुठभेड़ में कटघर के कोहिनूर तिराहा करूला निवासी आरोपित हामिद को गिरफ्तार कर लिया था। आरोपित के पैर में गोली लगी थी लेकिन अंधेरे का फायदा उठाकर उसके साथी आरोपित संभल निवासी रफी और उसका एक अन्य साथी अर्जुन मौके से भाग निकले थे।

एसपी सिटी ने बताया कि गुरुवार देर रात दो बजे थाना मझोला एसएचओ रविंद्र कुमार पुलिस टीम के साथ गश्त पर थे। इस दौरान मोटरसाइकिल पर एक संदिग्ध युवक आता हुआ दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रूकने का इशारा किया तो उसने पुलिस पर फायरिंग की। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपित के पैर में गोली लग गई और वह वहीं गिर गया, जिसे गिरफ्तार कर लिया गया।

पकड़े गए आरेापित की पहचान संभल निवासी मो. रफी के रूप में हुई। वह बीते सोमवार को अपने साथियों के थाना मझोला क्षेत्र में एक महिला के कान से कुंडल लूटा था। इस घटना में शामिल तीसरा आरोपित अर्जुन अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।

Subscribe Now