खेत में मिला 8 वर्षीय बच्ची का शव, जांच में जुटी पुलिस
नवादा,। जिले में पकरीबरावां थाना क्षेत्र के लखनपुरा गांव में मंगलवार को खेत से एक 8 वर्षीय बालिका का शव बरामद होने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
परिजनों के अनुसार, सोमवार की शाम बच्ची घर से कलम खरीदने के लिए निकली थी, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटी। काफी खोजबीन के बावजूद उसका कोई पता नहीं चला। मंगलवार सुबह गांव के समीप एक खेत में उसका शव मिलने की सूचना पर परिवार और ग्रामीण घटनास्थल पहुंचे। शव की स्थिति को देखकर परिजनों ने आरोप लगाया कि बच्ची का अपहरण करने के बाद उसके साथ दुष्कर्म किया गया और फिर उसकी हत्या कर शव खेत में फेंक दिया गया। घटना के बाद गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और कड़ी से कड़ी सजा की मांग की है।
पुलिस उपाधीक्षक सुजय विद्यार्थी ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। अभी दुष्कर्म की पुष्टि नहीं हुई है और सभी पहलुओं पर जांच जारी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि दोषियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा तथा किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।





