एकमा में दो वाहनों की आमने-सामने की टक्कर में राहगीर की मौत, चालक फरार

एकमा में दो वाहनों की आमने-सामने की टक्कर में राहगीर की मौत, चालक फरार


सारण, 26 जून (हि.स.)।एकमा छपरा-सिवान एनएच 531 पर एकमा थाना क्षेत्र के आमडाढ़ी गांव स्थित राम जानकी मंदिर के समीप देर रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ। दो चारपहिया वाहनों की आमने-सामने की टक्कर की चपेट में आने से एक अधेड़ राहगीर की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद दोनों वाहनों के चालक और उसमें सवार लोग गाड़ियां छोड़कर मौके से फरार हो गए।

मृतक की पहचान मांझी थाना क्षेत्र के मुबारकपुर गांव निवासी सर्वजीत बीन के रूप में की गई है। बताया जाता है कि वह आमडाढ़ी स्थित एक पोखरे पर आए थे। देर रात सड़क पार करने के दौरान वे सिवान की ओर से आ रही बोलेरो और छपरा की ओर जा रही कार की सीधी भिड़ंत की चपेट में आ गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि उन्होंने घटना स्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और कुछ समय के लिए अफरातफरी का माहौल बना रहा, जिससे एनएच 531 पर यातायात भी बाधित हुआ।

सूचना मिलते ही एकमा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, छपरा भेज दिया और दोनों दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जब्त कर थाने ले गई। एकमा थानाध्यक्ष ने बताया कि वाहनों को जब्त कर मामले की जांच की जा रही है और फरार चालकों की तलाश जारी है। परिजनों से लिखित आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Subscribe Now